- व्यापार युद्ध पर प्रस्तावित समझौते से पहले सोने में निवेश से सतर्कता बरत रहे हैं निवेशक
Moneybhaskar.com
Nov 29,2019 06:07:00 PM ISTनई दिल्ली. दिल्ली सर्राफा बाजार में जेवराती मांग आने से शुक्रवार को सोना 150 रुपए चढ़कर 39,270 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 100 रुपए चमककर 45,750 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। विदेश में सोने-चांदी में टिकाव रहा। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 1,455.80 डॉलर प्रति औंस पर टिका रहा। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 1.50 डॉलर चढ़कर 1,462.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
व्यापार युद्ध पर प्रस्तावित समझौते से पहले सतर्कता बरत रहे हैं निवेशक
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध पर प्रस्तावित समझौते से पहले निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। समझौते को लेकर संशय बना हुआ है। पहले कहा गया था कि नवंबर के अंत तक दोनों देशों के बीच इस मसले पर समझौता हो जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.01 डॉलर की बढ़त के साथ 16.94 डॉलर प्रति औंस पर रही।
आठ ग्राम वाली गिन्नी अपने भाव पर स्थिर रही
स्थानीय बाजार में जेवराती मांग आने से सोने में तेजी रही। सोना स्टैंडर्ड 150 रुपए चमककर 39,270 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 39,100 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 30,200 रुपए पर टिकी रही। चांदी हाजिर 100 रुपए की बढ़त के साथ 45,750 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। चांदी वायदा 39 रुपए मजबूत होकर 44,260 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 910 रुपए और 920 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
आज दोनों कीमती धातुओं के भाव इस प्रकार रहे :
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 39,270 रुपए
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 39,100 रुपए
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 45,750 रुपए
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 44,260 रुपए
सिक्का लिवाली प्रति इकाई : 910 रुपए
सिक्का बिकवाली प्रति इकाई : 920 रुपए
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 30,200 रुपए