- महंगाई से एडजस्ट करने के बाद सैलरी में असल में सिर्फ 5 फीसदी वृद्धि रहने की उम्मीद है
Moneybhaskar.com
Dec 02,2019 04:08:56 PM ISTनई दिल्ली. नए साल में देश में कर्मचारियों की सैलरी 9.2 फीसदी बढ़ने की संभावना है। यह ग्रोथ एशिया में सबसे ज्यादा होगी लेकिन महंगाई बढ़ने के चलते खेल बिगड़ सकता है। कॉर्न फेरी ग्लोबल सैलरी फोरकास्ट के मुताबिक, महंगाई से एडजस्ट करने के बाद सैलरी में असल में सिर्फ 5 फीसदी वृद्धि रहने की उम्मीद है। अगले साल होने वाली 9.2 फीसदी की यह ग्रोथ पिछले साल की 10 फीसदी वृद्धि से कम है।
भारत ने दर्ज कराई मजबूत ग्रोथ
कॉर्न फेरी इंडिया के चेयरमैन और रीजनल मैनेजिंग डायरेक्टर नवनीत सिंह ने कहा कि वैश्विक मंच पर सैलरी में होने वाली भारी गिरावटों के बावजूद भारत ने मजबूत ग्रोथ दर्ज कराई है। मौजूदा आर्थिक हालातों और सरकार की तरफ से प्रगतिशील सुधारों की वजह से भारत के विभिन्न सेक्टरों में सकारात्मकता का भाव आ रहा है, जिसकी वजह से ये सेक्टर ऊंची सैलरी इंक्रीमेंट दे पा रहे हैं।
वैश्विक स्तर पर सैलरी में 4.9 फीसदी की वृद्धि की उम्मीद
रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर 2020 में 4.9 फीसदी की दर से सैलरी बढ़ने की उम्मीद है। 2.8 फीसदी के ग्लोबल इंफ्लेशन रेट के अंदाजे के बाद रियल-वेज सैलरी 2.1 फीसदी की दर से बढ़ने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा रियल वेज ग्रोथ एशिया में होने की उम्मीद है जहां सैलरी 5.3 फीसदी से बढ़ने की संभावना है, जबकि रियल वेज सैलरी 3.1 फीसदी रहने और महंगाई दर 2.2 फीसदी रहने की उम्मीद है।
अन्य एशियाई देशों का ऐसा रहेगा हाल
अन्य एशियाई देशों में से इंडोनेशिया में 8.1 फीसदी सैलरी ग्रोथ होने की उम्मीद है। मलेशिया में 5 फीसदी, चीन में 6 फीसदी और कोरिया में 4.1 फीसदी वृद्धि हो सकती है। सबसे कम सैलरी ग्रोथ के मामले में जापान आगे है। यहां पर महज 2 फीसदी और उसके बाद ताईवान में 3.9 फीसदी ग्रोथ रहने की संभावना है।