- इस डिवाइस से री-यूजेबल नैपकिन हो सकेंगे साफ, कम होगा बायोमेडिकल वेस्ट
- इसे बच्चों के कपड़ों और अन्य हाइजीन संबंधित कपड़ों को धोने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
Moneybhaskar.com
Jul 25,2019 01:30:14 PM ISTनई दिल्ली. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) बाम्बे और गोवा की दो छात्राओं ने एक ऐसा डिवाइस बनाया है जो रीयूजेबल सैनिटरी नैपिकन को साफ कर सकता है। आईआईटी बॉम्बे में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की छात्रा ऐश्वर्या अग्रवाल और आईआईटी गोवा की छात्रा देवयानी मलाडकर ने यह डिवाइस सैनिटरी नैपकिन से बढ़ने वाले बायोमेडिकल वेस्ट को कम करने के लिए बनाई है। इस डिवाइस को उन्होंने 'Cleanse Right’ नाम दिया है और इसकी कीमत 1,500 रुपए तय की है। दोनों छात्राओं ने इस डिवाइस के पेटेंट के लिए आवेदन भी दिया है।
कम होगी नॉन-बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी वेस्ट की समस्या
एजेंसी की खबर के मुताबिक ऐश्वर्या अग्रवाल ने बताया कि मेंसट्रूअल हाइजीन के बारे में जागरूकता बढ़ने से डिस्पोजेबल यानी इस्तेमाल के बाद फेंक दिए जाने वाले सैनिटरी पैड्स की बिक्री में तेज इजाफा हुआ है। यह डिस्पोजेबल नैपकिन नॉन-बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक से बनते हैं और आखिर में बायोमेडिकल वेस्ट लैंडफिल में पहुंच जाते हैं। एक अकेली औरत अपने जीवन में माहवारी के दौरान तकरीबन 125 किग्रा नॉन-बायोडिग्रेडेबल वेस्ट जनरेट करती है। 35.5 करोड़ महिलाओं द्वारा उत्पादित यह वेस्ट लैंडफिल में बड़ी जगह लेता है। एक सैनिटरी पैड को डिकॉम्पोज होने में 500-800 साल लगते हैं।
आसान है डिवाइस को इस्तेमाल करना
देवयानी ने बताया कि इस डिवाइस को चलाने के लिए बिजली की जरूरत नहीं है। इसमें पेडल से संचालित होने वाले प्लंजर्स लगे हैं, जो पानी से भरे एक चेंबर में ऊपर और नीचे मूव करते हैं। यह प्लंजर्स कपड़ों के पैड से मेंस्ट्रूअल ब्लड खींचते हैं और उन्हें पानी से साफ करते हैं। इस डिवाइस को बच्चों के कपड़ों और अन्य हाइजीन संबंधित कपड़ों को धोने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। दोनों छात्राओं ने इस डिवाइस को IIT-Gandhinagar में आयोजित हुए छह सप्ताह के वार्षिक समर प्रोग्राम [email protected] में डिजायन किया था।
आईआईटी दिल्ली के छात्रों ने बनाया था Stand and Pee डिवाइस
इससे पहले आईआईटी दिल्ली के छात्रों ने महिलाओं के लिए Stand and Pee नाम का डिवाइस तैयार किया था, जिससे वे गंदे वॉशरूम में खड़े होकर टॉयलेट कर सकें, ताकि वे संक्रमणों से बची रहें। Sanfe यानी Sanitation for female नाम का यह डिवाइस वन टाइम यूज के लिए है। इसके बाद इसे सामान्य कचरे की तरह फेंका जा सकता है। यह बायोडिग्रेडेबल मैटेरियल से बना है, लिहाजा यह कचरे की समस्या को नहीं बढ़ाएगा। महिलाएं इसे अपने पीरियड्स के दौरान भी यूज कर सकती हैं।