पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभदोही जिले में तैनात दरोगा चंद्रदेव राम के वाराणसी पुलिस लाइन स्थित आवास में उनके बेटे जितेंद्र की पत्नी शारदा देवी (30) ने शनिवार को आग लगा कर जान दे दी। बलिया जिले के नरिया की शारदा का 4 साल पहले सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाले जितेंद्र के साथ विवाह हुआ था। फिलहाल दोनों की कोई संतान नहीं थी। बताया जाता है कि सास फूलकुमारी से खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ और उसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर शारदा ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली।
जितेंद्र जब तक दरवाजा तोड़ता तब तक शारदा की मौत हो गई थी। सूचना पाकर पुलिस अफसरों ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस के अनुसार मायके वालों की तहरीर के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सेक्स रैकेट की सूचना पर पहुंची पुलिस
लंका थाना अंतर्गत भोगाबीर स्थित एक शिवजी ब्वॉयज हॉस्टल एंड गेस्ट हाउस में सेक्स रैकेट की सूचना पर लंका थाने की पुलिस पहुंची। भोगाबीर निवासी सूरज शाह ने बताया कि गेस्ट हाउस में एक अरसे से लड़के-लड़कियां अकसर आते हैं। इसे लेकर गेस्ट हाउस मालिक ध्रुव सिंह से आपत्ति जताई जाती थी तो वह कहता था कि जिससे शिकायत करना है कर लो।
आज भी लड़के-लड़कियां आए थे तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस छापा मार कर 2 लड़कों और 2 लड़कियों को लंका थाने ले गई है। इस संबंध में लंका इंस्पेक्टर वेद प्रकाश राय ने बताया कि सेक्स रैकेट की बात सही नहीं है। एक युवक और दो युवती गेस्ट हाउस से मिले हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है।
धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला गिरफ्तार
फूलपुर थाने की पुलिस ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को द्वेषपूर्ण तरीके से ठेस पहुचानें वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गंगापुर निवासी बलदाऊ राम देवी दुर्गा पर अभद्र टिप्पणी से संबंधित लेख अपने वाट्सऐप्प के माध्यम से वायरल किया था। इसे लेकर मंगारी, गंगापुर, नेवादा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त था। अभियुक्त बलदाऊ राम को आमजन के आक्रोश को देखते हुए गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
भाजपा सरकार के खिलाफ सपा का प्रदर्शन
पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी के बढ़ते दामों के साथ बढ़ते अपराध, शिक्षित बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, व्यापारी उत्पीड़न और लोकतंत्र व किसानों की हत्या के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों ने अर्धनग्न अवस्था में हाथ व मुंह बांध कर लहुराबीर में मौन पदयात्रा निकाली। इस दौरान सपाइयों ने सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जीशान अंसारी ने कहा कि जिस प्रकार से मोदी व योगी सरकार युवाओं के प्रति उदासीन व ढुलमुल रवैया अपना रही है इससे प्रदेश का भविष्य गर्त में जा रहा है। पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में गुंडा राज है। किसानों से लेकर महिलाओं के उत्पीड़न में प्रदेश सबसे आगे है।
2022 में प्रदेश सरकार और 2024 में केंद्र सरकार को यही किसान सबक सिखाने का काम करेंगे। लोहिया वाहिनी के महानगर अध्यक्ष दीपचंद गुप्ता ने कहा कि व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है। यही आक्रोश चुनाव में सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगा। प्रदर्शन में संदीप मिश्रा, हारून अंसारी, सत्यप्रकाश सोनकर, धनंजय पांडेय, जमाल अंसारी, अभिषेक मिश्रा, रितेश राय, संदीप पटेल, होरी लाल गुप्ता, राज त्रिवेदी आदि शामिल रहे।
श्रीनगर में शिक्षकों की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन
श्रीनगर में आतंकियों द्वारा दो शिक्षकों की निर्मम हत्या के विरोध में विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शनिवार को इंग्लिशिया लाइन चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आतंकवाद का पुतला फूंका। इसके साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बजरंग दल काशी के महानगर संयोजक निखिल त्रिपाठी रुद्र ने कहा कि 90 के दशक की तरह ही आतंकवादियों द्वारा कश्मीर में एक बार फिर हिंदुओं की हत्या की जा रही है। यह सब सीमा पार से पाकिस्तान से प्रेरित आतंकवादियों द्वारा किया जा रहा है।
विहिप महानगर मंत्री राजन गुप्ता ने कहा कि शिक्षकों की समाज में अहम भूमिका होती है। शिक्षकों की हत्या मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। इस दौरान दो मिनट का मौन रख कर मारे गए शिक्षकों की आत्मा शांति की कामना की गई। प्रदर्शन में विजयशंकर उपाध्याय, रजत कुमार जायसवाल, शशिप्रकाश यादव, राणा प्रमोद सिंह, कमलेश यादव, कमल कांत मिश्रा, आकाश, दीपक आदि मौजूद रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.