पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंवाराणसी आज सुबह से शीतगृह के रूप में तब्दील हो गया है। आज सुबह-सुबह तापमान गिरकर 7°C पर आ चुका है। यह सामान्य से 1°C कम दर्ज किया गया। बताया जा रहा है ठंड आगामी 5 दिन तक और कंपा सकती है। कई दिनों की राहत के बाद आज फिर से जिले में खूब ठंडक पड़ रही है।
मैदानी इलाकों में बह रही शीतलहर हड्डियां गलाने और खून जमाने जैसी हो गयी है। घर से बाहर निकलने पर हाथ-पैर सुन्न पड़ रहे हैं। आज सुबह से ही स्थिति यह है कि बाहर निकलना खतरा मोल लेने जैसा है। इस समय हवा में नमी 80% तक दर्ज किया गया। विजिबिलिटी 1 किमी तक ही है। बीते दिन अधिकतम तापमान 18°C तक दर्ज किया गया था। यह सामान्य से भी 4°C कम रहा।
4-5 दिन तक रहेगा ठंड का प्रकोप
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिन तक ठंड का प्रकोप ऐसे ही जारी रहेगा। मंगलवार से वाराणसी में 2 दिन तक घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं 21 जनवरी को बादल छा सकते हैं, हालांकि बारिश की कहीं कोई उम्मीद नहीं है।
हिमालयी प्रदेशों से कंपाकर UP में आएगा विक्षोभ
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार तक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हिमालयी प्रदेशों और शहरों में जमकर बर्फबारी हो सकती है। इस हिमवर्षा से उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। वहीं उत्तर भारत के कुछ इलाकों में 20 से 22 जनवरी तक बारिश भी हो सकती है। वाराणसी में बारिश होगी या नहीं इसका स्पष्ट आकलन अभी नहीं किया जा सकता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.