पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का इस्तीफा कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। लेकिन कैप्टन ने जो बयान दिया है कि वह लगातार परेशान किए जा रहे थे...लगातार अपमानित किए जा रहे थे...। यह इस बात को साबित करता है देश में लगातार खत्म हो रही कांग्रेस पार्टी आज भी अपनी पारिवारिक दरबारी संस्कृति से उबर नहीं पाई है। इसी वजह से कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा दिया है। यह बात शनिवार को वाराणसी में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कही।
सपा और अन्य पार्टियां करती हैं धांधली की राजनीति
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि पीएम और ईवीएम दोनों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। इस पर महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि सपा और कई अन्य पार्टिंयां धांधली की राजनीति करती हैं। उन्हीं को यह सब चीजें ध्यान भी रहती हैं। जनता का रुख देख कर उन पार्टियों के नेताओं को पता चल गया है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर जीतेगी। इसलिए वह चुनाव से पहले ही ईवीएम का रोना रोने लगते हैं। उनका रोना इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश में अब भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से आएगी।
योगी आदित्यनाथ ने किए विकास और मानव कल्याण के लिए काम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में सेवा, विकास और मानव कल्याण के लिए काम किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में जो काम किए हैं, उन्हीं के बारे में रविवार को हमारे नेता जनता के सामने रिपोर्ट कार्ड रखेंगे।
2022 में भी प्रचंड बहुमत से बनाएंगे सरकार
महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में विकास और सेवा कार्यों के साथ लगातार जनता के बीच हैं। भाजपा सरकार के विकास कार्य और जनता के प्रति सेवाभाव ही आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का सशक्त आधार बनेंगे। भाजपा 2017 की तरह ही 2022 में भी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.