पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम सुल्तानपुर पहुंचे। सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित पूर्व भाजपा विधायक स्व. सूर्यभान सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्होंने पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि दी। साथ ही परिवार वालों से मुलाकात की। बता दें, बीते 17 जून को पूर्व विधायक का निधन हो गया था।
CM योगी का हेलीकॉप्टर शनिवार शाम 4 बजे पुलिस लाइन में उतरा। यहां से वह सीधे करौंदिया ओवरब्रिज होते हुए सिविल लाइन स्थित पूर्व विधायक सूर्यभान सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां पहले से ही भाजपाइयों का जमावड़ा लगा हुआ था।
CM योगी ने पुष्प अर्पित कर पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि दी। 10 मिनट तक उनके परिजनों से मुलाकात की। CM ने परिजनों को ढांढस बंधाया कि वह हर सुख-दुःख में परिवार के साथ हैं। इसके बाद CM योगी वापस हो गए। उनके कार्यक्रम में सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह, सांसद मेनका गांधी के प्रतिनिधि रंजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
17 जून को हुआ था निधन
बता दें, पूर्व भाजपा विधायक सूर्यभान सिंह का 17 जून को लखनऊ के एक निजी हॉस्पिटल में निधन हो गया था। पिछले कुछ समय से वह फेफड़े में संक्रमण के कारण बीमार चल रहे थे। सूर्यभान सिंह जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के बेलहरी गांव के मूल निवासी थे। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में निवास करते थे।
72 वर्षीय सूर्यभान सिंह का जन्म 5 फरवरी 1950 को हुआ था। इनके पिता का नाम हरिहर प्रसाद सिंह था। पूर्व विधायक 7 भाई थे। उनमें से यह तीसरे नंबर पर थे। स्वंय विधायक के 2 बेटे और एक बेटी है।
1989 में पहली बार बने थे विधायक
सूर्यभान सिंह पहली बार 1989 में जयसिंहपुर से विधायक बने थे। उन्होंने जनता दल से चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। इसके बाद 1996 में वो सुल्तानपुर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर विधायक बने। उन्होंने सपा के सफदर रजा को शिकस्त दी थी। साल 2017 में सूर्यभान सिंह ने सुल्तानपुर सीट से आखरी बार भाग्य आजमाया और 30 हजार से अधिक वोट के अंतर से उन्होंने बसपा के मुजीब अहमद को हराया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.