पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसुलतानपुर में बदमाश लूटपाट करने के लिए बीती रात रिटायर्ड फौजी के घर घुसे।खटपट की आवाज सुनकर फौजी नींद से जग गया और इसका विरोध किया। इस पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और नगदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल फौजी को जिला अस्पताल में एडमिट कराया है।
मकान के अंदर गए तो दरवाजा खुला मिला
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा निवासी विजय सिंह (53) बरामदे में सो रहे थे। परिवार की महिलाएं बच्चों के साथ छत पर सोई हुई थी। जीने का दरवाजा बाहर से बन्द था। रात करीब 12 बजे दीवार के सहारे बदमाश छत पर चढ़ आए। जीने का दरवाजा खोलकर वह अंदर दाखिल हो गए। कमरों का ताला तोड़कर बदमाशों ने लाखों रुपए के गहने और नगदी लूट ली।
इसी समय खटपट की आवाज सुनकर बरामदे में सो रहे रिटायर फौजी विजय सिंह की नींद खुल गई। चोरी की आशंका होने पर वह मकान के अंदर गए तो दरवाजा खुला मिला। एक बदमाश हाथ में असलहा लिए दिखाई पड़ा। उन्होंने बदमाश को दबोच लिया। लेकिन, इसी बीच उसके दूसरे साथी ने विजय सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली उनके पेट में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना पीड़ित का हाल
फायरिंग की आवाज पर परिवारीजन और पास पड़ोस के लोग जमा हो गए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 के साथ ही स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाकर पीआरवी की गाड़ियों के साथ ही सीओ व कोतवाल अजय कुमार द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
घायल फौजी को निजी साधन से जिला अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए रात में सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का हाल जाना। साथ ही जल्द ही घटना के खुलासे के लिए मातहतों को निर्देश दिए।
क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं लूट और चोरी की घटनाएं
गौरतलब हो कि जयसिंहपुर में लूट और चोरी की वारदातों की बाढ़ सी आ गई है। बीते 25 जून को कोतवाली क्षेत्र के सपाही गांव में चोरों दो घरों से 25 लाख के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। दो जून को सपाही गांव के बगल उदयपुर में भी चोरों ने 15 लाख की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आए दिन क्षेत्र में हो रही चोरी से ग्रामीणों में रोष है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.