पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमथुरा ट्रिपल मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने 11 माह बाद सुलझा लिया। केस में एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया। बता दें कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर दो बच्चों और मां के शव मिले थे। जिनकी दस महीने तक पुलिस पहचान ही नहीं कर पाई थी। मंगलवार को आखिरकार पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि अभी कई अपराधी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
वजह सामने आई कि महिला की ये तीसरी शादी थी। उसके दो बच्चे थे। तीसरा पति उन बच्चों के साथ नहीं रहना चाहता था। वो उन्हें छोड़ने को कहता था। इस बात पर दोनों में बहस भी होती थी। इसी वजह से उसने हत्या की प्लानिंग बनाई।
2 नवंबर 2021 को सुरीर में माइल स्टोन- 79 पर एक बच्चे का कंटीले तारों में शव मिला। यहीं से कुछ दूरी पर 5 किलोमीटर दूर नौहझील में माइल स्टोन- 74 के सर्विस रोड पर एक और बच्चे का शव मिला। पुलिस शिनाख्त करने की कोशिश कर रही थी। तभी 48 घंटे के अंदर ही बलदेव क्षेत्र में 4 नवंबर को माइल स्टोन- 129 पर एक महिला का शव मिला। उसी हालात में जैसे दोनों बच्चों के मिले थे।
मूर्ति विसर्जन के दौरान गोमती नदी में दो लोग डूबे
लखनऊ के मड़ियांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो युवक गोमती नदी में घैला पुल के पास डूब गए। पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर बाद ठाकुरगंज के लाला बाग निवासी लोग घैला पुल के पास मूर्ति विसर्जन करने आए थे।
इसी दौरान संतराम यादव (33) और अमन साहू (22) गोमती में डूब गए। दोनों की खोजबीन जारी है। अभी तक कोई पता नहीं चला है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
कानपुर में गंगा में नहाते समय 6 डूबे,1 की मौत, 4 किशोरियों समेत 1 युवक लापता
कानपुर के बिल्हौर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। अरौल की कोठी घाट पर गंगा में नहाते समय 6 लोग डूब गए। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक और चार किशोरियां लापता हैं। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। घाट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन के अफसर भी पहुंच गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की 6 एंबुलेंस मौके पर हैं।
दरअसल, कानपुर नगर से करीब 50 किमी बिल्हौर के अरौल कस्बे में बरंडा गांव के रहने वाले संदीप कटियार ने मकनपुर रोड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान खोली है। रविवार को दुकान का उद्घाटन था। इसमें संदीप के रिश्तेदार कानपुर और फर्रुखाबाद से उनके घर पर आए थे।
मंगलवार को रिश्तेदार कानपुर कल्याणपुर के बैरी निवासी 15 साल की अनुष्का उर्फ दिव्या, उसकी बहन अंशिका, कानपुर पनकी के रहने वाले 20 साल के सौरभ, फर्रुखाबाद के हब्बापुर निवासी 20 साल के अभय, प्रदीप की 17 साल की बेटी तनुष्का, उसकी बहन 13 साल की अनुष्का, सृष्टि और गौरी समेत 8 लोग गंगा स्नान करने पहुंचे थे। तभी यह हादसा हो गया।
ताजगंज और धनौली में नवमी पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश
आगरा में ताजगंज और मलपुरा थाना क्षेत्र के धनौली में राम नवमी के दिन माहौल बिगाड़ने का प्रयास हुआ। शरारती लोगों ने देवी मंदिर में मंगलवार सुबह मूर्ति खंडित कर दी। पूजा करने लोग मंदिर पहुंचे तो लोगों ने देवी प्रतिमा को टूटा देखा। इसके बाद लोगों में आक्रोश पनप गया। तनाव की स्थिति बन गई। गांव में पुलिस मौजूद है।
धनौली के नगला शंकरलाल में करीब 30 साल पुराना दुर्गा देवी का मंदिर है। गांव के लोग इसी मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। नवरात्रि में श्रद्धालु हर दिन यहां माता की पूजा के बाद रात को भेंट गाते हैं। सोमवार रात को भी देर तक मंदिर पर आयोजन हुआ। मंगलवार सुबह जब लोग पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मूर्ति खंडित थी। उन्होंने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। थोड़ी देर में ही मंदिर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। पुलिस को भी सूचना दे दी गई। फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
धनौली के बाद ताजगंज क्षेत्र के एकता चौकी के पास मंदिर में देवी प्रतिमा खंडित की गई हैं। शंकर ग्रीन अपार्टमेंट के पास पुराना पथवारी मंदिर है। सुबह जब लोग मंदिर पूजा करने पहुंचे तो मंदिर की मूर्तियां टूटी थीं। उन्हें पास ही नाले में फेंक दिया गया। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर हिंदूवादी संगठन के लोग भी पहुंच गए। पुलिस भी पहुंच गई। लोगों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
निकाय चुनाव से पहले 16 IAS को फील्ड में भेजा; ट्रेनिंग पूरी होने के बाद तैनाती दी गई
यूपी कैडर के 16 IAS अधिकारियों को जिलों में तैनाती दी गई है। सभी 2020 बैच के IAS हैं। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें फील्ड पर भेजा जा रहा है। इनमें जयदेव सीएएस. को वाराणसी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बनाया गया है। नुपुर गोयल को उन्नाव, अजय जैन को मथुरा, प्रत्यूष पांडेय को बरेली, निधि बंसल को झांसी, नेहा बंधु को गोरखपुर भेजा गया है।
इसके अलावा परीक्षित खटाना को आगरा, रामया आर. को सहारनपुर, सुथान अब्दुल्लाह को प्रयागराज, महराज सुमित राजेश को बाराबंकी, ओजस्वी राज को मेरठ, विशाल कुमार को अयोध्या में तैनाती दी गई है। इसी तरह विशाल कुमार को अयोध्या, अभिनव गोपाल को कानपुर, नवनीत सेहारा को मिर्जापुर, पवन कुमार मीना को कन्नौज, अजय कुमार गौतम को मुरादाबाद में भेजा गया है। यूपी में जल्द निकाय चुनाव होने हैं, उससे पहले ट्रांसफर हुए हैं।
उन्नाव में हादसे में घायल यूक्रेनी महिला की मौत, CM खुद रख रहे थे इलाज पर नजर
सड़क हादसे में घायल यूक्रेन की 27 वर्षीय ओजेरोवा अलेक्जेंडर की मौत हो गई। कानपुर के हैलट अस्पताल में 29 दिन उनका इलाज चला। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इलाज पर नजर रखे थे। रविवार को कानपुर दौरे के दौरान उन्होंने ओजेरोवा की मेडिकल रिपोर्ट भी देखी थी।
उन्नाव के सोहरामऊ में 4 सितंबर की रात हादसा हुआ था। इसमें ओजेरोवा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एनेस्थीसिया आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा था। इस दौरान उन्हें 3 बार सेप्टीसीमिया हुआ, जिसे ठीक करने में डॉक्टर कामयाब रहे। अंत में खून में गंभीर संक्रमण होने से रीनल फेल्योर के कारण हार्ट अटैक से दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर...
बदायूं में युवक की गोली मारकर हत्या, पिता के सामने कनपटी पर किया फायर
बदायूं में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपने पिता के साथ खेत की रखवाली करने के लिए गया था। वहां पर पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने पिता के सामने ही बेटे की कनपटी पर गोली मारी। आवाज सुनकर आस पास के लोग इकट्ठा हुए और सूचना पुलिस को दी। घटना मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव जाहिरदुपर घुंसलिया की है।
दुर्गेश (38) अपने पिता के साथ रात करीब 9 बजे खेत की रखवाली करने के लिए गया था। बेटे की मौत के बाद से ही पिता बेसुध हैं। वहीं, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह व एसपीआरए सिद्धार्थ वर्मा रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे थे। रात भर पुलिस बल गांव में ही तैनात रहा। सीओ ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने रंजिश की बात नहीं बताई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर...
लखनऊ में मासूम के साथ रेप, घर में TV दिखाने के बहाने बुलाया; मां पहुंची तो हुआ खुलासा
लखनऊ के आशियाना इलाके में एक अधेड़ ने सोमवार शाम टीवी दिखाने के बहाने घर ले जाकर आठ साल की बच्ची से रेप किया। देर शाम तक बच्ची के न पहुंचने पर मां उसके घर पहुंची तो घटना का खुलासा हुआ। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
आशियाना क्षेत्र में एक महिला पति से अलग अपनी तीन बेटियों के साथ रहती है। महिला घरों में काम करती है। महिला ने आरोप लगाया कि घर के पास ही उमाशंकर (55) अकेला रहता है। वह घरों में पुताई का काम करता है। सोमवार शाम को आरोपी बेटी को टीवी दिखाने के बहाने साथ ले गया। काफी देर न लौटने पर मां उसके घर पहुंची। दरवाजा न खुलने पर अनहोनी की आशंका हुई। छत के रास्ते घर में जाने पर देखा उमाशंकर बेटी के साथ गंदी हरकत कर रहा था। डीसीपी पूर्वी प्राची सिंह के मुताबिक, बच्ची की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पढ़ें पूरी खबर...
कानपुर में मुंडन से लौटते समय पुल तोड़ कार नहर में गिरी, रात के अंधेरे में ग्रामीणों ने बचाई तीन जानें
कानपुर में मुंडन संस्कार के बाद एक और सड़क हादसा सामने आया। यह हादसा भी साढ़ थाना क्षेत्र और कोरथा गांव के नजदीक हुआ। सोमवार की रात को कोरथा गांव से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर एक और बड़ा हादसा हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। तेज रफ्तार कार नहर में जा गिरी। उसमें सवार बच्चा सहित तीन लोग डूबने लगे।
नहर पुल पर तेज धमाका होने पर ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को बचा लिया गया। सीओ सुशील दुबे ने बताया कि कार सवार तीनों सुरक्षित हैं। कार भी निकाल ली गई है। कार सवार पियूष अग्रवाल, आशू और विशाल को रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया। पढ़ें पूरी खबर...
हरियाणा में 7 घंटे चला मासूम का ऑपरेशन, जनरेटर में बाल आने से उखड़ गई थी खाल
अलीगढ़ में महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा के दौरान जनरेटर के पंखे की चपेट में आकर घायल होने वाली बच्ची का हरियाणा के फरीदाबाद में ऑपरेशन हुआ है। हालत गंभीर होने के कारण अलीगढ़ से उसे फरीदाबाद रेफर किया गया था, जहां सोमवार को बच्ची का ऑपरेशन किया गया।
परिजनों ने उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां 7 घंटे तक उसका ऑपरेशन चलता रहा। ऑपरेशन के बाद बच्ची को ICU में रखा गया है, जहां धीरे-धीरे उसकी हालत में सुधार हो रहा है। परिजनों ने बताया कि बच्ची ने रात में थोड़ी बात भी की थी। श्रीअग्रवाल युवा संगठन की ओर से रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम हुए थे। शोभायात्रा में लाइट और साउंड के लिए जनरेटर से बिजली सप्लाई की जा रही थी। इसी दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल की 12 वर्षीय पोती आरुषी वहां आ गई। बच्ची के बाल जनरेटर के पंखे में फंस गए। सिर की खाल समेत बाल उखड़ गए थे। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.