पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहरिद्वार में 17 से 19 दिसंबर तक हुई धर्म संसद में नफरती भाषण पर चौतरफा घिरे यति नरसिंहानंद गिरि को शनिवार को उत्तराखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनको गिरफ्तार कर नगर कोतवाली हरिद्वार लेकर पुलिस आई है। हरिद्वार हेट स्पीच मामले में दूसरी गिरफ्तारी हो गई है। इससे पहले वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र त्यागी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। 16 जनवरी यानी कल धर्म संसद पर महापंचायत होनी थी। उससे पहले ही नरसिंहानंद को पकड़ा गया है।
23 दिसंबर को केस दर्ज हुआ था
23 दिसंबर को हरिद्वार पुलिस ने जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी उर्फ वसीम रिजवी के खिलाफ नफरती भाषण देने का मुकदमा दर्ज किया था। बाद में इस मुकदमे में नरसिंहानंद गिरी, अन्नपूर्णा उर्फ पूजा शकुनि पांडे, सिंधु सागर, धर्मदास, परमानंद, आनंद स्वरूप समेत 10 लोगों के नाम बढ़ाए गए थे।
हरिद्वार के एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी उर्फ वसीम रिजवी को गुरुवार देर शाम यूपी और उत्तराखंड के बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
सपा कार्यालय में भीड़ जुटाने पर चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिस
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा के बागी नेताओं के पार्टी में शामिल कराने के दौरान भीड़ एकत्रित करने के मामले में केस दर्ज होने के बाद, चुनाव आयोग ने सपा को नोटिस जारी किया है। साथ ही 24 घंटे में जवाब तलब किया है।
शुक्रवार को लखनऊ पुलिस ने आचार संहिता और धारा 144 का उल्लंघन करने के मामले में पार्टी कार्यालय पर नोटिस चस्पा किया था। इस मामले में चुनाव आयोग के आदेश के बाद गौतमपल्ली थाने के इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट को सस्पेंड कर दिया गया है।
स्वामी प्रसाद मौर्य सहित 8 विधायकों ने थामा सपा का दामन
भाजपा छोड़ने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य और धर्म सिंह सैनी सहित 8 विधायकों ने शुक्रवार को सपा का दामन थाम लिया। अखिलेश यादव ने मंच पर पहुंचकर सबको पार्टी की सदस्यता दिलाई। अखिलेश ने कहा कि मैं स्वामी प्रसाद मौर्य को धन्यवाद दूंगा। वह जिस तरफ चल देते हैं, सरकार उनकी ही बन जाती है। इस बार कितने भी दिल्ली वाले आ जाएं, बाबा पास नहीं होने वाले हैं। इस बार हैंडल भी ठीक है और पहिए भी। पैडल चलाने वाले आ गए हैं। अब सपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।
हालांकि रैली के थोड़ी देर बाद ही कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर चुनाव आयोग ने संज्ञान ले लिया। जांच के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम सपा दफ्तर पहुंची। गौतमपल्ली थाने में 2500 नेताओं-कार्यकर्ताओं पर कोविड प्रोटोकाल के उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज की गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
उन्नाव में कांग्रेस ने रेप पीड़िता की मां को बनाया प्रत्याशी
उन्नाव में कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी ऐश्वर्या ने एक वीडियो जारी किया है। जिसमें उसने प्रियंका गांधी पर जमकर टिप्पणियां की है। दरअसल, कांग्रेस ने माखी रेप पीड़िता की मां आशा सिंह को सदर सीट से अपनी प्रत्याशी बनाया है। ऐश्वर्या ने कांग्रेस प्रत्याशी पर भी कई आरोप लगाए हैं।
साथ ही कहा कि जब उनकी मां को टिकट मिला था तो कांग्रेस ने उसका विरोध किया था। जबकि खुद ऐसी महिला को उम्मीदवार बनाया है जिस पर कई मामलों में केस दर्ज हैं। इसके लिए समाज और समाज और नैतिकता का धर्म आपको माफ नहीं करेगा।
नौगांवा से BJP प्रत्याशी देवेंद्र नागपाल का विरोध, लोगों ने पुतला फूंककर जताया विरोध
अमरोहा के नौगांवा सादात तहसील में भाजपा की ओर से देवेंद्र नागपाल को प्रत्याशी बनाए जाने पर विरोध शुरू हो गया है। वहां के लोगों ने संगीता चेतन चौहान का टिकट कटने और देवेंद्र नागपाल का टिकट पार्टी द्वारा घोषित करने पर उनका पुतला फूंक कर विरोध दर्ज कराया। पूर्व क्रिकेटर विधायक चेतन चौहान के निधन के बाद उनकी पत्नी विधायक बनी थी । साल 2012 से अस्तित्व में आई नोगांवा सादात तहसील से 2017 में चेतन चौहान ने सपा प्रत्याशी मौलाना जावेद आब्दी को हराकर जीत दर्ज की थी।
उनके कोरोना से निधन के बाद उपचुनाव में उनकी पत्नी संगीता चेतन चौहान यहां से विधायक चुनी गई। अब उनका टिकट काट कर पार्टी हाई कमान ने देवेंद्र नागपाल को प्रत्याशी घोषित किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
सपा-रालोद गठबंधन की 7 नामों वाली दूसरी लिस्ट जारी
समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन ने शनिवार को दूसरी सूची जारी की है। इसमें 7 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। अशरफ अली को थाना भवन से, राजपाल बालियान को बुढ़ाना से, चंदन चौहान को मीरापुर से, सुरेंद्र कुमार मुन्नी को मुरादनगर से, किरणपाल सिंह को शिकारपुर से, प्रमोद गौड़ को बरौली से और बीरपाल सिंह दिवाकर को इगलास से टिकट दिया गया है।
सहारनपुर के मिर्जापुर में जिंदा जलने से बुजुर्ग की मौत, आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया
मिर्जापुर क्षेत्र के गांव सफीपुर में एक पशुशाला में आग लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति पशुशाला में आग बुझाने गया था। मृतक की पहचान जीत सिंह (58) के रूप में हुई है। काफी मशक्कत के बाद आधे घंटे में आग पर काबू पा जा सका। वहीं आग लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। वहीं बुजुर्ग की मौत से गांव में कोहराम मच गया है।
गैंगस्टर केस में फरार चल रहे कैराना से सपा प्रत्याशी नाहिद गिरफ्तार, नामांकन की तैयारी में जुटे थे
शामली में सपा प्रत्याशी नाहिद हसन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया है। मौके पर पुलिस फोर्स और पीएसी मौजूद है। सपा प्रत्याशी पर कई मुकदमे दर्ज हैं। बता दें, नाहिद हसन कैराना से विधायक हैं। वह कैरानाकांड मामले में फरार चल रहे थे। 2016 में कैराना कांड में उनका नाम सामने आया था। भाजपा के तत्कालीन सांसद हुकुम सिंह ने आरोप लगाया था कि सपा सरकार में कैराना से हिंदू पलायन कर रहे हैं। कैराना मुस्लिम बाहुल्य इलाका है।
2019 में शामली की विशेष अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित किया था और पूरे एरिया में मुनादी करवाई थी। सितंबर 21 में उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया था, कुछ घंटों के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी। पुलिस ने उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट भी लगा दिया। नाहिद हसन पूर्व विधायक मुनव्वर हसन के बेटे हैं। गैंगस्टर एक्ट लगने के बाद से वह भूमिगत हो गए थे। नाहिद की मां तबस्सुम पूर्व सांसद हैं। उन्होंने 2018 के उप चुनाव में कैराना से चुनाव जीता था। इसके अलावा मेरठ के किठौर से पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर को भी टिकट मिला है।
सहारनपुर में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, 2 जिंदा जले, 8 की हालत गंभीर
सहारनपुर में शनिवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के सतपुरा गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में 2 लोग जिंदा जल गए, जबकि 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट वजह आग लगी है। इस दौरान फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
झांसी में युवा उद्यमी कारोबारी की संदिग्ध अवस्था में मौत, हत्या और हादसे के बीच उलझी गुत्थी
झांसी में युवा उद्यमी कारोबारी की संदिग्ध अवस्था में मौत हत्या और हादसे के बीच उलझ गई है। भाई ने कहा कि सीने में गोली मारकर युवा उद्यमी की हत्या हुई है, जबकि पुलिस का कहना है कि उनको हादसे की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। शनिवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने बताया कि देर रात डायल 112 पर एक्सीडेंट में कमलेश की मौत होने की सूचना मिली थी। परिजन गोली मारकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।
अन्य बड़ी खबरें-
बांदा में युवक को मारी गोली, देर रात घर जाते समय वारदात, हालत गंभीर
बांदा में शुक्रवार रात शहर के मर्दन नाका के रहने वाले युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। रात में मुजीब (40) अपने घर मर्दन नाका जा रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी। घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर ने बताया कि घायल की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की गई। CCTV फुटेज भी मिले हैं। उसकी भी जांच की जा रही है। वहीं, घटना के कुछ दूरी पर एक तमंचा भी मिला है। जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर में 6 दुकानों में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
कानपुर के किदवई नगर 40-दुकान मार्केट है। शुक्रवार देर रात मार्केट की 6 दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें देख आसपास के दुकानदारों अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती ही जा रही थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची। काफी देर बाद आग पर काबू पाया गया।
आसपास के दुकानदारों का कहना है कि अगर आग पर जल्दी काबू न पाया जाता तो शायद आसपास की सभी दुकानें जल जातीं। आग लगने से कपड़े और बैग की 6 दुकानें जलकर राख हो गईं।
हमीरपुर में एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
हमीरपुर जिले की राठ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान 50 हजार का इनामी बदमाश घायल होकर पुलिस के हत्थे चढ़ा। वहीं बदमाश की ओर से चलाई गई गोली में एडिशनल एसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट को छूती हुई निकल गई। इससे वह बाल-बाल बच गए।
मुठभेड़ का यह मामला राठ कोतवाली क्षेत्र में बड़ा गांव इलाके का है। बाइक सवार तीन लोगों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो तीनों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी दिनेश राजपूत गिरफ्तार हुआ है। इस पर पेट्रोल पंप सहित शराब सेल्समैन से लूट का आरोप है। साथ ही दिनेश राजपूत पर SC/ST एक्ट और गैंगस्टर सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.