पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुजफ्फरनगर के गांव पुरबालियान निवासी महिला पहलवान दिव्या सेन काकरान का चयन 2022 कामनवेल्थ गेम्स के लिए हो गया है। दिव्या सेन काकरान इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक होने वाले कामनवेल्थ खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
अर्जुन अवार्डी पहलवान दिव्या सेन काकरान के पिता सूरज पहलवान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिव्या के चयन से उनके परिवार में खुशियों का माहौल है।
2020 में दिव्या सेन को मिला था अर्जुन अवार्ड
जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी महिला पहलवान दिव्या सेन काकरान को उनकी खेल उपलब्धियों पर 2020 में अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया था। दिव्या राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक 80 से अधिक मेडल जीत चुकी हैं। नवंबर 2021 में सर्बिया में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में दिव्या ने कांस्य पदक प्राप्त किया था। दिव्या के पिता पहलवान सूरजवीर सिंह ने बताया कि दिव्या ओलिंपिक को छोड़कर कुश्ती की सभी स्पर्धाओं में पदक हासिल कर चुकी है।
68 किग्रा. भार वर्ग में करेगी देश का प्रतिनिधित्व
दिव्या के पिता सूरजवीर पहलवान ने बताया कि दिव्या सेन का चयन 2022 कामनवेल्थ गेम्स के लिए सीनियर रेसलिंग टीम में हुआ है। उन्होंने बताया कि 68 किग्रा. भार वर्ग में दिव्या सेन बर्मिंघम में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने बताया कि दिव्या का चयन लखनऊ में किया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.