पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के संगमोहाल मोहल्ले में छेड़खानी का विरोध करने को लेकर गुरुवार रात करीब 9 बजे दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर पत्थर चले, जिसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। इस दौरान समुदाय विशेष के लोगों ने बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक और भाजपा नेता रवि साहू के घर पर पथराव कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी सिटी संजय वर्मा, सीओ सिटी प्रभात राय और कटरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर हमलावर भाग गए।
बता दें कि संगमोहाल मोहल्ले में भाजपा नेता रवि साहू का आवास है। भाजपा नेता रवि साहू का आरोप है कि संगमोहाल चौराहे पर एक समुदाय विशेष के कुछ युवक शराब पीते और अड्डेबाजी करते हैं। आने-जाने वाली लड़कियों के साथ छेड़खानी करते हैं।
भाजपा नेता ने लगाई थी फटकार
गुरुवार रात करीब 9 बजे भाजपा नेता का बेटा घर आईं कुछ महिलाओं को छोड़ने जा रहा था तो उनसे कुछ युवकों ने छेड़खानी की। जानकारी होने पर पहुंचे भाजपा नेता ने युवकों को फटकार लगाई। उनके जाने के बाद कुछ और लोग वहां जुट गए। शराब के नशे में अराजक तत्वों भाजपा नेता के घर पर पथराव कर दिया। इसकी जानकारी उन्होंने थाना प्रभारी को दी।
पुलिस को देखकर भाग गए हमलावर
पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष के लोग जमा हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों में पथराव हुआ। मामले कि जानकारी मिलते ही मौके पर जिले के आला अधिकारी एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार, एसपी सिटी संजय वर्मा, सीओ सिटी प्रभात राय और कटरा कोतवाली प्रभारी समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखते ही हमलावर भाग निकले।
एसपी सिटी संजय वर्मा ने बताया कि दो पक्षों में छेड़खानी को लेकर विवाद हुआ है। किसी को चोट नहीं आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पीएसी और थानों की फोर्स को तैनात कर दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं और लड़कियों से करते हैं छेड़खानी
वहीं भाजपा नेता रवि साहू ने गली के मुहाने पर खड़ा होकर अभद्रता और छेड़खानी को सारी फसाद का जड़ बताया। उन्होंने कहा कि अंधेरा होते ही एक समुदाय विशेष के लोग झुंड बनाकर खड़े हो जाते हैं। आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों से छेड़खानी करते हैं। इसका विरोध करने पर उनके बेटे को अपशब्द कहा गया। जब विरोध किया तो पथराव कर दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.