पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमिर्जापुर में एक 10 महीने का बच्चा गायब हो गया। हैरत की बात ये है कि उसकी खोजबीन के लिए जब वहां के सीसीटीवी फुटेज मांगे गए। तो पता चला कि सारे कैमरे खराब हैं। जानकारी के अनुसार एक महिला अपनी नन्द और चाची के साथ दो बच्चे लेकर अस्पताल आई थी। उसका बच्चा आर्यन 10 महीने का है और चाची का बच्चा 5 साल का। वो बच्चे को चाची के पास छोड़कर दवा लेने गई। कुछ देर बाद चाची ने कहा कि बच्चा बेंच पर सोया है और वो किसी काम से नीचे जा रही है। जाकर उसे उठा लो।
जब महिला बेंच के पास पहुंची। तो मासूम वहां से गायब था। महिला के परिजनों ने आकर अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाकर मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
चाची ने दूसरों के भरोसे छोड़ा था बच्चा
जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर बामी गांव की निवासी कंचन का 10 महीने का बेटा है आर्यन। जिसकी तबीयत खराब चल रही है। उसे दिखाने वो अपनी नन्द सोनी और रिश्ते की चाची प्रभावती व उसके 5 साल के बेटे के साथ गुरूवार दोपहर जिला अस्पताल पहुंची थी। दवा लेने के लिए वो नन्द के साथ नीचे जाने लगी। तो बच्चे को उसने चाची के पास सुला दिया।
अपने बेटे को खाना खिलाने चली गई थी चाची
तभी चाची के लड़के ने कुछ खाने को कहा। तो प्रभावती ने बेटे को आसपास बैठे लोगों के पास छोड़ दिया और कहा कि वो अभी उसकी मां को भेज रही है। ये कहकर वो नीचे आई और कंचन से बच्चे के पास जाने को कहा। कंचन 5 मिनट में भागकर ऊपर पहुंची। तो बच्चा वहां से गायब था। जिसके बाद उसने उसकी तलाश करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर लोगों के अलावा अस्पताल का प्रबंधन इकट्ठा हो गया। लोगों ने प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज देखने को कहा। तो पता चला कि सारे कैमरे खराब हैं।
पुलिस ने शेयर किया गुमशुदगी का पोस्टर
कंचन ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। तो वो लोग भी अस्पताल पहुंचे। साथ ही लोगों ने पुलिस को भी सूचित किया। परिजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अस्पताल के सामने की सड़क जाम करनी चाही। तो पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करवाया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्चे की गुमशुदगी का पोस्टर शेयर कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बच्चे का सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है।
चौकी में बदहवास होकर बैठ गई मां
बच्चे के घरवालों ने कुछ देर के लिए अस्पताल का गेट बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस सभी को चौकी में लेकर गई। जहां बच्चे की मां बदहवास होकर बैठ गई। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर हो रही चेकिंग
एसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि अस्पताल के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहा हैं। रेलवे और बस स्टैंड सहित सभी स्टैंड पर जांच की जा रही है। कुछ फुटेज मिला है। बच्चें को बरामद करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। अस्पताल के कैमरे सही नहीं मिले उनकी क्वालिटी ठीक नहीं है। जिसके लिए सीएमएस को कहा गया है। जल्द बच्चें को बरामद कर लेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.