पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंतेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच सोमवार को कुछ राहत भरी खबर आई। पिछले 24 घंटे में 276 पॉजिटिव केस सामने आए जो कि रविवार के मुकाबले 20 कम थे। मथुरा में अब एक्टिव केसों की संख्या 2187 हो गई है।
24 घंटे में 313 लोग हुए स्वस्थ
पिछले 24 घंटे में पॉजिटिव केस मिलने के कम हुए आंकड़ों के बीच स्वस्थ होने वालों की भी संख्या में इजाफा हुआ। पिछले 24 घंटे में 313 लोग स्वस्थ हुए। इससे पहले रविवार को 296 पॉजिटिव केस मिले थे और 320 लोग डिस्चार्ज हुए थे।
रविवार को दो लोगों की हुई थी मौत
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच रविवार को दो लोगों की मौत हुई थी। कोरोना की तीसरी लहर में पहली बार हुई दो मौतों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। रविवार को यहां 60 वर्षीय महिला और 80 वर्षीय पुरूष की इलाज के दौरान मौत हुई थी। महिला जहां आगरा के एस एन मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी वहीं, पुरुष वृंदावन के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती था।
न्यायालय में बदली व्यवस्था
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच अब जिला न्यायालय सहित वाह्य न्यायालय व ग्राम न्यायालय में संचालन हेतु दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला जज राजीव भारती के निर्देशानुसार न्यायालय में रोटेशन के आधार पर 50 प्रतिशत न्यायिक अधिकारी न्यायालय परिसर में रहेंगे। गर्भवती महिला न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगी। न्यायालय में वाद कारियों व अन्य प्रतिनिधियों का प्रवेश प्रतिबंध कर दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.