पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमथुरा के गोवर्धन से भाजपा प्रत्याशी विवादों में आ गए हैं। चुनाव आयोग की गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ आदर्श आचार संहिता का पालन न करने का आरोप लगते हुए मुकद्दमा दर्ज कराया गया है। थाना गोवर्धन में उप निरीक्षक द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में पुलिस जांच में जुट गई है।
गोवर्धन से मेघश्याम सिंह हैं भाजपा प्रत्याशी
गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी ने वर्तमान विधायक का टिकट काटकर कॉर्पोरेटिव के चेयरमैन रहे ठाकुर मेघश्याम सिंह को प्रत्याशी बनाया है। ठाकुर मेघश्याम सिंह टिकट मिलने के बाद रविवार को गोवर्धन पहुंचे। जहां उन्होंने अपने समर्थकों को सम्बोधित किया।
दान घाटी मन्दिर में कर रहे थे समर्थकों को संबोधित
भाजपा से टिकट मिलने के बाद गोवर्धन पहुंचे ठाकुर मेघश्याम सिंह ने पहले भगवान के दर्शन किये। उसके बाद वहीं कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र देने लगे। करीब 50 से 60 कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे। इस दौरान किसी ने भी मास्क नहीं लगा रखा था।
उपनिरीक्षक ने कराया मुकद्दमा दर्ज
दान घाटी मन्दिर में भाजपा प्रत्याशी द्वारा कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की जानकारी मिलते ही थाना गोवर्धन में तैनात उपनिरीक्षक चन्द्र वीर सिंह मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आदर्श आचार संहिता और महामारी एक्ट का उल्लंघन करने की जानकारी दी।
जिसके बाद सभी लोग गाड़ियों में बैठकर रवाना हो गए। इसके बाद रविवार की देर शाम एस आई चन्द्र वीर सिंह ने धारा 188, 269,270 के अलावा महामारी अधिनियम 3 और 4 में थाने पर भाजपा प्रत्याशी मेघश्याम सिंह व 50से 60 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करा दिया।
सपा प्रत्याशी पर भी हो चुका है मुकद्दमा दर्ज
विधानसभा चुनाव कोरोना के कहर के बीच लड़े जा रहे हैं। कोरोना का संक्रमण न फैले इसके लिए चुनाव आयोग ने गाइडलाइन जारी की है। लेकिन लगता है राज नेताओं को जैसे चुनाव आयोग की गाइडलाइन का पालन ही नहीं करना। भाजपा प्रत्याशी से पहले मथुरा वृंदावन विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी देवेंद्र अग्रवाल के खिलाफ भी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हो चुका है।
उन्होंने अपने चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा लिया था। जिसके बाद कृष्णा नगर चौकी प्रभारी ने उनके खिलाफ रिपोर्टिंग चौकी कृष्णा नगर में मुकद्दमा दर्ज करा दिया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.