पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

महोबा में प्रियंका ने लगाई विरोधी दलों की क्लास:प्रतिज्ञा रैली में बोलीं-सपा सरकार में लूटा गया, बसपा में कोई काम नहीं हुआ, भाजपा ने किये झूठे वादे

महोबा2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

प्रियंका गांधी आज महोबा में प्रतिज्ञा रैली करने पहुंचीं और उन्होंने सभी विरोधी दलों की जमकर आलोचना की। मंच से प्रियंका ने कहा कि सपा सरकार में आपको लूटा गया, बसपा सरकार में भी कोई काम नहीं किया गया, जबकि भाजपा सरकार में झूठे वादे किये गए। बुंदेलखंड के किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस महासचिव ने केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार तक को घेरा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में किसान कर्ज में डूब रहे हैं -'यहां खाद नहीं मिल रही है। फसल का दाम नहीं मिलता। सिंचाई का पानी नहीं मिलता। आवारा पशु से भी किसान परेशान हैं। 1500 किसानों ने बुंदेलखंड में आत्महत्या की है। यहां से पलायन होता है, क्योंकि यहां रोजगार भी नहीं मिलता'।

पीएम 8 हजार करोड़ के जहाज से चलते हैं

प्रियंका ने जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम पर तंज कसा। उन्होंने कहा kf बीते दिनों पीएम झांसी और महोबा अपने जिस जहाज में आये थे, वह 8 हजार करोड़ का है। उस जहाज में वह यहां भाषण देने आते हैं, लेकिन किसानों की आय नहीं बढ़ा पाते हैं।

उन्होंने कहा, 'पीएम किसानों का कर्ज नहीं माफ़ कर पाते हैं। पीएम के बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों की कमाई प्रतिदिन दस हजार करोड़ रूपए है और आप 27 रूपए प्रतिदिन कमाते हैं। आपके लिए यह सरकार कुछ नहीं कर रही है। कांग्रेस जब थी, तब बुंदेलखंड पैकेज दिया गया था। हमारी सरकार आई तो हम आपके कर्ज माफ करेंगे'।

महोबा पहुंची प्रियंका गांधी का स्वागत करते कार्यकर्ता और नेता।
महोबा पहुंची प्रियंका गांधी का स्वागत करते कार्यकर्ता और नेता।

भाजपा झूठा प्रचार करती है

प्रियंका ने जेवर एयरपोर्ट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी और भाजपा के सब नेता झूठा प्रचार करते हैं। आपने देखा कि जेवर एयरपोर्ट का झूठा विज्ञापन दे दिया। यह लोग यही करते हैं। कहीं चीन की फोटो लगाते हैं तो कहीं अमेरिका की फैक्ट्री का फोटो लगाते हैं।

बुंदेलखंड का विकास करेगी कांग्रेस

प्रियंका ने यूपीए 2 कार्यकाल में बुंदेलखंड को दिए गए विकास पैकेज का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनी तो वह बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनाएंगी। बुंदेलखंड की योजनायें यहीं बनेंगी, बजट भी यहीं से मिलेगा। साथ ही सचिवालय भी होगा ताकि किसी को इधर उधर भागना न पड़े। उन्होंने इसके अलावा कई और वादे भी किए:

  • मंडी में गेंहू और धान का रेट 2500 मिलेगा।
  • किसानों का बकाया बिजली बिल हाफ किया जायेगा।
  • जिन्होंने कोरोना-काल में बिजली बिल भरा उनका बकाया माफ किया जायेगा।
  • आवारा पशु की समस्या दूर करने के लिए छत्तीसगढ़ का मॉडल अपनाएंगे।
प्रियंका गांधी ने मंच से पीएम मोदी से लेकर योगी तक पर सियासी हमले किये।
प्रियंका गांधी ने मंच से पीएम मोदी से लेकर योगी तक पर सियासी हमले किये।

महोबा में कांग्रेस है कमजोर
यूपी में राजनीति की शुरुआत करने वाली एमपी की तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती भी महोबा की चरखारी सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। इसके बाद यह वीआइपी सीट की गिनती में शामिल हो गई थी। महोबा जिले में एक महोबा और चरखारी विधानसभा सीट है। हालांकि, बीते 3 चुनावों में यहां कांग्रेस का रिजल्ट जीरो ही रहा है।

बुंदेलखंड में कांग्रेस को अपनी जड़ों को मजबूत करना है

  • बुंदेलखंड सभी पार्टियों की प्राथमिकता में रहता है। हालांकि, यहां अभी भी विकास कोसों दूर है। 2017 में भाजपा ने यहां की 19 विधानसभा सीटों पर क्लीन स्वीप किया था।
  • 2012 और 2007 में कांग्रेस का प्रदर्शन पार्टी के लिए संतोषजनक माना जा सकता है। हालांकि, 2022 में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, बीते दिनों बुंदेलखंड के कुछ बड़े कांग्रेस नेताओं ने पार्टी का दामन छोड़ दिया है।
  • पार्टी छोड़ने वालों में विनोद चतुर्वेदी भी शामिल हैं। विनोद प्रियंका की सलाहकार समिति के सदस्य थे। महोबा से पांच बार के विधायक बाबूलाल तिवारी के बेटे मनोज तिवारी ने भी कांग्रेस छोड़ दी है।
  • बहरहाल, प्रियंका गांधी के लिए बुंदेलखंड उनके एजेंडे में है और उनकी प्राथमिकता में किसान है। यही वजह है कि प्रियंका एक महीने में तीसरी बार बुंदेलखंड के दौरे पर आ रही हैं।