पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउत्तर प्रदेश में कोरोना विस्फोटक हो चुका है। रविवार को तीसरी लहर में पहली बार प्रदेश में 13 मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में 24 घंटे में 17,185 नए केस भी मिले हैं। इसमें सबसे ज्यादा लखनऊ में 2,392 नए मरीज मिले। वहीं, गाजियाबाद में 2099, गौतमबुद्ध नगर में 1498, मेरठ में 1206 और वाराणसी में 537 नए केस आए हैं। प्रदेश में अब एक्टिव केस की संख्या 1 लाख 3474 हो गई है।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में 10 जिलों में एक-एक यानी 10 संक्रमित मरीजों की मौत का जिक्र है। इसमें प्रयागराज में भी 3 संक्रमित मरीजों की मौत को शामिल नहीं किया गया है। जिन जिलों में मौत हुई हैं उनमें गाजियाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, गाजीपुर, चंदौली, बस्ती, बलिया, श्रावस्ती और भदोही और प्रयागराज हैं। राज्य में बढ़ते संक्रमण के बाद सरकार ने स्कूल-कॉलेजों को 23 जनवरी तक बंद कर दिया है। इससे पहले 16 जनवरी तक स्कूल कॉलेज बंद रखे गए थे।
नोएडा से भाजपा उम्मीदवार पंकज सिंह कोरोना संक्रमित
नोएडा विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार पंकज सिंह कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। पंकज सिंह ने खुद यह जानकारी ट्वीट कर दी है। पंकज सिंह केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे हैं। वे नोएडा विधानसभा से मौजूदा विधायक भी हैं।
5 दिन में 77 हजार संक्रमित मिले बीते 5 दिन में ही 77 हजार नए संक्रमित मिले हैं। 1 जनवरी को यूपी में 1200 केस थे। महज 16 दिन में संक्रमितों की संख्या 1 लाख के पार हो गई है।
यूपी में ऐसे बढ़ रहा है कोरोना संक्रमण
तारीख | नए केस | कुल एक्टिव केस |
16 जनवरी | 17185 | 103474 |
15 जनवरी | 15795 | 95148 |
14 जनवरी | 16016 | 84440 |
13 जनवरी | 14765 | 71022 |
12 जनवरी | 13681 | 57355 |
11 जनवरी | 11089 | 44466 |
23 तारीख तक 1.50 लाख से ज्यादा एक्टिव केस होंगे
संक्रमण की यही रफ्तार जारी रही तो सप्ताह भर के भीतर डेढ़ लाख सक्रिय केस होंगे। पहली जनवरी से अब तक 7800 फीसदी एक्टिव केस का इजाफा हुआ है। नए साल की शुरुआत में पहले दिन यह 1 हजार 211 सक्रिय केस थे। वहीं, 15 जनवरी को यह संख्या 95 हजार 148 तक पहुंच गई। कुल मिलाकर एक पखवाड़े के भीतर 7800 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। प्रतिदिन रिपोर्ट होने वाले पॉजिटिव केस की संख्या में भी 3200 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है।
लखनऊ में 16 हजार से ज्यादा एक्टिव केस
लखनऊ में कोरोना संक्रमण पूरी तरह से बेकाबू हो गया है। यहां एक्टिव केस का आंकड़ा सोलह हजार के पार पहुंच गया है। लखनऊ शहर का अलीगंज इलाका कोरोना का हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। यहां हजार से ऊपर एक्टिव केस है। रविवार को सीएम योगी ने लखनऊ में बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर KGMU में बने डेडिकेटेड कोविड अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद कोरोना मरीजों के लिए तैयारियों को परखा।
2 लाख से ज्यादा की जांच
राज्य में 24 घंटे में 2 लाख 57 हजार 694 सैंपल की जांच हुई। रिकवर होने वालों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है। 8 हजार 802 लोग रिकवर हुए हैं। अब तक 23 करोड़ 4 लाख 43 हजार 754 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। 18 साल से ज्यादा उम्र वालों में पहली डोज लेने वालों की संख्या 13 करोड़ 74 लाख 7 हजार 41 है। यह संख्या इस वर्ग में करीब 93 फीसदी है।
वहीं दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 8 करोड़ 59 लाख 20 हजार 615 है जो करीब 58 फीसदी है। वही अब तक राज्य में 4 लाख 5 हजार 588 को प्री-कॉशन डोज लगाई जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 15 से 18 साल के बीच के 51 लाख 37 हजार 34 बच्चों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। इससे पूर्व शनिवार को प्रदेश भर में एक दिन में 26 लाख 74 हजार 365 डोज लगाई गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.