पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआजमगढ़ में उपचुनाव जीतने के बाद दिनेश लाल निरहुआ की मंगलवार सुबह सीएम योगी से मिलने 5 कालिदास मार्ग पहुंचे। निरहुआ के साथ भोजपुरी कलाकार प्रवेश लाल यादव और हीरोइन आम्रपाली दुबे भी मौजूद रहीं। इस दौरान निरहुआ और भोजपुरी फिल्म कलाकारों ने सीएम योगी को भगवान राम की प्रतिमा भेंट की।
निरहुआ ने कहा, "आज महाराज जी से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा है आजमगढ़ को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए आपको जो करना पड़े करिए। फिल्मों की शूटिंग भी वहां हो। समय कम है, जिम्मेदारियां ज्यादा हैं। अखिलेश यादव को ये जीत इसलिए रास नहीं आ रही क्योंकि इस बार फर्जी वोटिंग नहीं हो पाई है। वो जब जब जीतते हैं, तो EVM सही होती है और हार जाते हैं तो EVM खराब हो जाती है"।
सीएम से मिलने के बाद निरहुआ ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से भी उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद लखनऊ में भाजपा दफ्तर पहुंचे। यहां संगठन मंत्री सुनील बंसल से मिले और राजनीतिक हालात पर चर्चा की।
बढ़ रहा है निरहुआ का कद
आजमगढ़ सपा का मजबूत किला माना जाता था। इतना मजबूत कि 2014 की मोदी लहर में भी भाजपा यहां हार गई थी। अभी यहां के सभी यानी पूरे 10 विधायक सपा के ही हैं। निरहुआ की जीत भाजपा के लिए एक मनोवैज्ञानिक बूस्टर है। नतीजों के बाद ही सीएम योगी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी 80 लोकसभा सीटें जीतेगी।
आजमगढ़ जैसा मजबूत किला ढहाने के बाद निरहुआ का कद और स्वीकार्यता बीजेपी में बढ़ रही है। सपा ने अपनी हार के लिए भाजपा सरकार पर प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
PM मोदी और JP नड्डा का आभार जता चुके हैं निरहुआ
उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद बीजेपी नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ ने इसे जनता की जीत करार देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया था।
निरहुआ ने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'जनता की जीत! आजमगढ़वासियों आपने कमाल कर दिया है। यह आपकी जीत है। उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिस तरीके से आप सबने भाजपा को प्यार, समर्थन और आशीर्वाद दिया, यह उसकी जीत है।यह जीत आपके भरोसे और देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित है।'
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.