पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अब करीब पांच महीने बचे हैं। ऐसे में सत्ताधारी भाजपा समेत हर एक सियासी दल एक-दूसरे को घेरने में जुटे हैं। सपा की रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर दैनिक भास्कर ने सीनियर लीडर और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी से खास बातचीत की।
राम गोविंद चौधरी ने कहा, इस बार जनता प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के लिए बेकरार है। जनता खुद भाजपा से लड़ रही है। जमीन पर लहर सिर्फ सपा की है। अगर कहीं गलती से भी प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनती है तो फिर यूपी बंधक बन जाएगा। दैनिक भास्कर के 9 सवालों का राम गोविंद चौधरी ने कुछ इस तरह जवाब दिया...
सवाल: विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की तैयारी क्या है?
जवाब: हम लोगों की तैयारी पूरी है, लेकिन इस बार जनता ही तैयारी कर रही है। क्योंकि 5 साल जनता ने अखिलेश यादव के कार्यकाल को देखा है और अब साढ़े 4 साल के इस भाजपा सरकार के कार्यकाल को देखा है। जनता ही भाजपा को हराने की तैयारी में जुटी है। जनता ने भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की तैयारी कर ली है।
सवाल: जिस वोट बैंक को सपा अपना मान रही है, ओवैसी उसी में सेंध लगा रहे हैं?
जवाब: इस बार सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच है। जो भी दल बीच में आएंगे, इस बार की आंधी में उड़ जाएंगे। प्रदेश के विकास के लिए अखिलेश जरूरी हैं और जनता इस बात को अच्छी तरह समझ गई है।
सवाल: अखिलेश कहते हैं विकास के नाम पर वोट नहीं मिलता। ऐसे में इस बार भाजपा को कैसे काउंटर करेंगे?
जवाब: हमारा मुद्दा विकास का कल भी था और आज भी है। भाजपा में विकास जीरो हो गया है। विधानसभा में मैंने मुख्यमंत्री से पूछा था कि आप बताइए आपकी सरकार ने विकास के कौन से काम किए हैं? अखिलेश यादव ने जेपीएन सेंटर बनवाया, अंतरराष्ट्रीय स्तर का पुलिस हेड क्वार्टर बनाया, अंतरराष्ट्रीय स्तर का आलमबाग बस टर्मिनल बनवाया, बिजली के लिए काम किए, मेट्रो चलवाई, एक्सप्रेस-वे बनवाया, एशिया का सबसे बड़ा पार्क लखनऊ में बनवाया, पुराने लखनऊ को चमका दिया। आपने लखनऊ में अब तक कौन सा एक काम किया है? मुख्यमंत्री जी इस पर चुप हो गए। कुछ किया ही नहीं और नारा विकास का देते हैं। पूरे शहर में पोस्टर लगवा दिया है।
सवाल: भाजपा कहती है कि यूपी में एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया है। सबसे ज्यादा एयरपोर्ट बनाया, इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनवाया। यूपी की तस्वीर बदल दी?
जवाब: ये सारे काम सिर्फ टीवी और अखबार में बनवाए हैं। जमीन पर कहां हैं ये सब? जेवर एयरपोर्ट अखिलेश यादव के जमाने का है। अखिलेश यादव उसे आगरा और फिरोजाबाद के बीच में बनवाना चाह रहे थे, लेकिन भाजपा ने ही अड़ंगा लगाया था। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की शुरुआत भी अखिलेश यादव ने की थी। जमीन अधिग्रहण से लेकर टेंडर तक कर दिया था। लेकिन इनका क्या है। भाजपा बताए कि उन्होंने क्या किया है।
सवाल: तो क्या इस बार फिर समाजवादी पार्टी अखिलेश सरकार के काम को लेकर जनता के बीच जाएगी?
जवाब: भाजपा के पास न तो बताने के लिए कुछ है और न दिखाने के लिए।
सवाल- भाजपा अब्बा जान कहती है और अखिलेश यादव रिएक्ट भी कर रहे हैं?
जवाब: भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। इसीलिए इस तरह अंट-शंट की बात कर रही है, लेकिन हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उच्च शिक्षा ग्रहण की है। वो भाजपा के बहकावे में नहीं आने वाले। वो सीधा जनता से जुड़ना चाहते हैं। इस बार सभी जाति-धर्म का साथ समाजवादी पार्टी को मिल रहा है। इतनी महंगाई देश में कभी नहीं आई।
सवाल- भाजपा कहती है कि सपा में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद था। योगी ईमानदार सीएम हैं?
जवाब: यूपी में किसी भी सरकार में इतना भ्रष्टाचार नहीं था जितना इस योगी सरकार में है। CAG की रिपोर्ट देखिए, जिस अर्ध कुंभ को कुंभ बताकर देश दुनिया में अपनी कामयाबी का गुणगान कर रहें हैं, उसमें कितना बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। दर्जनों घोटाला हुए हैं।
सवाल- सपा सरकार में एक धर्म विशेष को ज्यादा तरजीह मिलती था। अब सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास है?
जवाब: इसीलिए इस सरकार में किसी का कोई काम नहीं हो रहा। सब परेशान हैं। कहीं किसी की कोई सुनवाई नहीं है। जनता का छोड़िए भाजपा कार्यकर्ता तक अपनी सरकार से खुश नहीं हैं। सपा ने सभी जाति-धर्म के लिए काम किया। एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, मेडिकल कालेज, पेंशन सबके लिए था।
सवाल- अखिलेश यादव कहते हैं कि इस बार 400 सीटें जीतेंगे। आप क्या मानते हैं?
जवाब: जो राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि वो बिल्कुल सच है। इस बार सपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.