पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस की। अखिलेश ने कहा, 'लखीमपुर की घटना का वीडियो जिसने भी देखा, उसने घटना की निंदा की है। सबने सब कुछ देखा फिर भी दोषी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं। जिन भी परिवार से मैं मिला सबने कहा कि दोषी को सजा मिले। देश के कानून को जीप के टायर से रौंदा जा रहा है। गोरखपुर में पुलिस के 6 लोग फरार हैं, आईपीएस फरार है। इन्हें किसने फरार किया? जनता ये सब देख रही है'।
अखिलेश ने कहा कि गृह राज्य मंत्री लगातार धमकी दे रहे हैं, लेकिन सरकार अभी भी सो रही है। सरकार अभी भी उन्हें (दोषियों को) बचाना चाहती है। सुप्रीम कोर्ट ने कितने बार कहा कि प्रदेश में जंगल राज चल रहा है।
और क्या बोले अखिलेश-
अखिलेश ने मायावती की बातों का किया समर्थन
चुनावी सर्वे पर अखिलेश यादव ने कहा, पैसे से सर्वे होते हैं। सर्वे नहीं होना चाहिए। गरीब पार्टियां कैसे चुनाव लड़ेंगी फिर? मैं मायावती के बयान से सहमत हूं। दरअसल मायावती ने चुनाव से छह माह पहले सर्वे के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखीमपुर और फिल अगले दिन शुक्रवार को मृतक किसानों के परिजनों से मुलाकात की थी। लखीमपुर में मृतक किसान नक्षत्र सिंह के परिवार से मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने परिवार की हर संभव मदद करने का भरोसा दिया था।
लखीमपुर में 3 अक्टूबर को भड़की थी हिंसा: रविवार यानी तीन अक्टूबर को किसानों ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र का विरोध करते हुए काले झंडे दिखाए थे। इसी दौरान एक गाड़ी ने किसानों को कुचल दिया था। इससे 4 किसानों की मौत हो गई थी। इसके बाद भड़की हिंसा में आरोप है कि किसानों ने एक ड्राइवर समेत चार लोगों को पीट-पीटकर मार डाला था। इस हिंसा में एक पत्रकार भी मारा गया था।
इस मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र समेत 15 लोगों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया गया है। आशीष आज पुलिस के सामने हाजिर हुआ है। उससे पूछताछ चल रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.