पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकुशीनगर के विशुनपुरा थाने की पुलिस और स्वाट टीम ने बीती देर रात मुठभेड़ के दौरान एक अंतरराज्यीय बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके साथ 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पड़ोसी राज्य बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। जिससे वह घायल हो गया।पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है। बाकी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। स्थानीय सूत्रों ने पुलिस की कहानी पर सवाल खड़े किए हैं।
बिहार के बताए जा रहे आरोपी
पुलिस सूत्रों की कहानी के अनुसार विशुनपुरा थानाक्षेत्र में मुखबिरों ने अंतरराज्यीय बदमाशों के कुछ सदस्यों की आने कि सूचना दी। मुखबिर की सूचना पर स्थानीय पुलिस और स्वाट टीम सक्रिय हो गयी। बीती देर रात विशुनपुरा थानाक्षेत्र के गगलवा नहरपुल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में चंदन कुमार महतो नाम के एक बदमाश के पैर में गोली लग गयी। जिससे वह घायल हो गया। इसके साथ पुलिस ने इसके तीन और साथियों को गिरफ्तार किया। घायल चन्दन महतो और गिरफ्तार मोहन शाह, मंजेश कुमार सिंह बिहार प्रांत के मोतीहारी जनपद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जबकि चौथा गिरफ्तार आरोपी गुंजन कुमार सिंह बिहार प्रांत के पश्चिमी चम्पारण का रहने वाला है।
मुठभेड़ में बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का दो कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल और एक लग्जरी गाड़ी बरामद करने की बात कही है। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के सूत्रों की मानें तो बुधवार को पुलिस ने कुछ सन्दिग्ध टप्पेबाज तरह के युवकों पकड़े थे। वहीं से कुछ युवकों को पुलिस साथ ले गई। हालांकि पुलिस चौकी मधुरिया के चौकी प्रभारी ने इस तरह के किसी मामले की जानकारी से इनकार किया हैं। कुशीनगर पुलिस नए कप्तान के कमान सम्भालने के बाद इन दिनों लगातार ऑपरेशन लंगड़ा चल रहा हैं। लेकिन जिले में अपराध पर इसका खास असर नहीं देखा जा रहा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.