पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकानपुर नगर निगम ने शहर के बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार सुबह नगर निगम की टीम पुलिस फोर्स के साथ बड़ा चौराहा पहुंची और शहर के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल जेड स्क्वॉयर को सील कर दिया। मॉल के ऊपर हाउस टैक्स और वाटर टैक्स मिलाकर करीब 26 करोड़ रुपए बकाया है। कई नोटिस देने के बाद भी मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर ताहिर हुसैन ने एक भी पैसा जमा नहीं किया। इसके बाद ये एक्शन हुआ है।
सीलिंग से पहले सभी कर्मचारियो को बाहर निकाला गया
नगर आयुक्त शिव शरणप्पा के निर्देश पर पुलिस फोर्स के साथ नगर निगम की टीम पहुंची। सुबह मॉल के अंदर सैकड़ों कर्मचारी काम करने के लिए पहुंच गए थे। सीलिंग की कार्रवाई से पहले सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। मॉल के सभी 6 गेट को बंद कर दिया गया है। एक गेट को थोड़ा सा कर्मचारियों के आने-जाने के लिए खोला गया है।
नहीं जमा किया तो कुर्की भी तय
अपर नगर आयुक्त अरविंद राय ने बताया कि मॉल के ऊपर करीब हाउस टैक्स का 13.36 करोड़ रुपए बकाया है। इसमें 10.44 करोड़ रुपए टैक्स और 2.91 करोड़ रुपए ब्याज है। इतना ही टैक्स जलकल और सीवर टैक्स का 12.65 करोड़ रुपए बकाया है। कई नोटिस देने के बाद भी टैक्स नहीं जमा कराया गया। इसके बाद नगर निगम अधिनियम 1959 के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई। टैक्स न देने पर कुर्की भी की जा सकती है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले 1 जनवरी 2021 को भी मॉल पर हाउस टैक्स न जमा करने पर महापौर प्रमिला पांडेय ने ताला डाल दिया था। तब करीब 1 करोड़ रुपए मॉल द्वारा दिया गया था। इससे पहले करीब 2 साल पहले भी इस तरह की कार्रवाई नगर निगम ने की थी। मॉल करीब 3 साल का हाउस टैक्स बकाया है। कार्रवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, प्रवर्तन अधिकारी भी मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.