पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजालौन के उरई में रविवार को ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य और शिया धर्मगुरु कल्बे जवाद तालिबान पर खूब भड़के। उन्होंने कहा कि तालिबानी विश्व के सबसे खूंखार और जालिम लोग है। यह बेगुनाहों को मारने में लगे हुए हैं। इनका इंसानियत से कोई लेना देना नहीं है। ये लोगों का बेरहमी से कत्ल कर रहे हैं। ये बातें शिया धर्मगुरु कल्बे जवाद ने मोर्हरम में मजलिस करने के बाद मीडिया से कहीं।
मजलिस में शामिल होने पहुंचे थे उरई
शिया धर्मगुरु कल्बे जवाद ने कहा कि 1400 साल पहले हुसैन ने दुनिया के सबसे जालिम लोगों के खिलाफ इंसानियत के लिए कर्बला के मैदान में युद्ध किया था। इसमें इमाम हुसैन ने शहादत पाई थी। साथ ही, उन्होंने अपने पूरे परिवार को इंसानियत के लिए युद्ध में झोंक दिया था। वहीं, तालिबानी विश्व में आज इंसानियत के दुश्मन बने हुए हैं। वह बेगुनाहों को मार रहे हैं। यह तालिबानी सिर्फ अफगानिस्तान ही नहीं बल्कि विश्व के प्रत्येक व्यक्ति और दुनिया के लिए खतरनाक है।
मुसलमान ही बना है मुसलमान का दुश्मन
कल्बे जवाद ने आगे कहा, 'तालिबान के अंदर इंसानियत नाम की कोई चीज नहीं है। अन्य धर्म के लोगों पर मुस्लिम समाज के लोग आरोप लगाते हैं। अन्य धर्म के लोग उनकी जमात के लिए दुश्मन हैं, जबकि मुसलमान ही मुस्लिम समाज का सबसे बड़ा दुश्मन है'। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में वहां की अवाम के साथ जो तालिबानियों द्वारा किया जा रहा है। वह पूरा विश्व देख रहा है कि किस तरीके से ये खूंखार और जालिम वहां क्या कर रहे हैं।
AIMPLB के प्रवक्ता ने की थी तालिबान की तारीफ
बीते दिनों ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना सज्जाद नोमानी ने एक वीडियो मैसेज जारी किया था। इसमें उन्होंने तालिबानियों को अफगानिस्तान में हुकूमत कायम करने की बधाई दी और कहा- गरीब और निहत्थी कौम ने दुनिया की सबसे मजबूत फौज को शिकस्त दी, आपकी हिम्मत को सलाम। हालांकि, बाद में बोर्ड ने उनके बयान से खुद को अलग कर लिया था।
UP के सपा सांसद ने किया था तालिबान का समर्थन, केस दर्ज
उत्तर प्रदेश में संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉक्टर शफीकुर्रहमान बर्क ने तालिबान की तुलना स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से की थी। उन्होंने कहा था कि जैसे हिंदुस्तान ने अंग्रेजों से आजादी की लड़ाई लड़ी थी, वैसे ही तालिबान अफगानिस्तान में अमेरिका से आजादी की लड़ाई लड़ रहा है। तालिबान ने अपने देश को आजाद कराया है। इस बयान के बाद उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया था।
मुनव्वर राना ने RSS से की थी तालिबान की तुलना
शायर मुनव्वर राना ने अफगानिस्तान के हालात को भारत से बेहतर बताया था। यही नहीं, राना ने तालिबान की तुलना RSS, BJP और बजरंग दल से भी की थी। उन्होंने कहा था कि अफगानिस्तान से ज्यादा क्रूरता तो हिंदुस्तान में है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा उसका अंदरूनी मसला है। तालिबानी-अफगानी जो भी हैं, जैसे भी हैं, सब एक हैं। जैसे हमारे यहां बजरंग दल, BJP और RSS सब एक हैं। 1000 साल पुराना इतिहास उठाकर देख लीजिए, अफगानियों ने कभी हिंदुस्तान को धोखा नहीं दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.