पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
रिश्तेदारी में निमंत्रण में गया था पति
बता दें कि बरगढ़ थाना क्षेत्र के कलचिहा गांव में मंगलवार देर रात एक बजे अज्ञात कारणों के चलते मंजू पत्नी संदीप पांडे ने फांसी के फंदे पर लटक कर जान दे दी। घटना के समय पति संदीप पांडेय घर पर नहीं था। वह रिश्तेदारी में निमंत्रण में गया था। रात डेढ़ बजे वह घर पहुंचा। संदीप ने कमरे के पास जाकर आवाज दी तो मंजू ने दरवाजा नहीं खोला। जब उसने खिड़की के पास जाकर देखा तो मंजू फांसी के फंदे पर लटक रही थी।
विवाहिता के पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
संदीप ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी और मायके वालों को भी सूचना दी। संदीप पांडे की शादी भरतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सभापुर ग्राम पंचायत में 14 अप्रैल 2021 को हुई थी। बुधवार सुबह मंजू के पिता रामजीआवान बेटी की ससुराल पहुंचे और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। रामजीआवान ने कहा कि उनकी लड़की ने कई बार शिकायत की कि दहेज को लेकर उसके प्रताड़ित किया जाता है।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं मृतका के पति संदीप पांडे के पिता रामजीवन पांडे ने कहा कि हमारा विवाद नहीं हुआ है। अज्ञात कारणों के चलते उसने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बरगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। अभी लड़की पक्ष की तरफ से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.