पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचित्रकूट जिले के इंटर कॉलेज कर्वी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के प्रस्तावित कार्यक्रम में अपरिहार्य कारणों से न आने पर विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास वर्चुअल हुआ। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लखीमपुर खीरी में हुई घटना में जो दोषी होंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सोमवार को आगमन होना था। अपरिहार्य कारणों से वह नहीं आ पाए तो चित्रकूट इंटर कालेज कर्वी में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास वर्चुअल लखनऊ से किया। उन्होंने जिले के मानिकपुर विधानसभा की 227.78 करोड़ की लागत की 11 सड़कों व बांदा की 12 सड़कों की घोषणा की। लोनिवि प्रान्तीय खण्ड व निर्माण खण्ड प्रथम के 52 कार्य स्वीकृत किए, जिनकी लागत 20847.63 लाख रुपए का लोकर्पण किया। 23434.84 लाख रुपये के कार्यों का शिलान्यास किया।
भाजपा सरकार ने अधूरे पड़े कार्यों को पूरा किया
उपमुख्यमंत्री ने जनपद बांदा के भी कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने जनसभा में कहा कि अपरिहार्य कारणों से केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल व सदस्य विधान परिषद आशीष पटेल की माता जी की तेरहवीं संस्कार में नहीं पहुंच पाया हूं। भगवान श्रीराम की धरती को प्रणाम करते हुए कहा कि 2004 के बाद भाजपा की सरकार न होने के कारण अधूरे पड़े कार्यों को प्रदेश में 2017 में सरकार बनने पर कार्यों को पूरा किया है।
मैं यहां की जनता का ब्याज अदा कर रहा हूं
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड की जनता का मैं कर्जदार हूं। जो पहले की सरकारों में लूट मची थी उसमें हमारी सरकार ने रोक लगा कर विकास कार्य किया है। जिस विश्वास और भरोसे के साथ अपना समर्थन देकर भाजपा की सरकार बनाई है, मैं यहां की जनता का ब्याज अदा कर रहा हूं। मऊ में महिला घाट पर यमुना नदी पर बनाया जा रहा सेतु अधूरा पड़ा था, उसे हमारी सरकार शुरू करा कर पूर्ण करा रही है, जिससे चित्रकूट के लोगों को अयोध्या जाने के लिए सरल होगा। इसी प्रकार आगासी घाट पर भी पुल का निर्माण कराया जा रहा है।
बुंदेलखंड में पानी की समस्या दूर की गई
फतेहपुर, बबेरू व प्रयागराज की कनेक्टिविटी को जोड़ने के लिए पुल व सड़कों का भी निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कबरई-वाराणसी बाईपास संपर्क मार्ग चित्रकूट जो लगभग 25 किलोमीटर की सड़क है, जिसकी लागत 430 करोड़ रुपए है की घोषणा आज की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष 2022 के चुनाव को देखते हुए अन्य पार्टियों द्वारा झूठ बोलकर जनता को बरगलाने का कार्य किया जा रहा है, इससे आप लोग सावधान रहें। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में लोग बूंद-बूंद पीने के पानी को तरस रहे थे, जिसको देखते हुए प्रधानमंत्री ने बुंदेलखंड के लिए जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत हर घर नल योजना लागू की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का चित्रकूट तीर्थ क्षेत्र से बहुत बड़ा नाता रहा है।
2022 में भी विपक्षी पार्टियों को सिखाएं सबक
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो कल जनपद लखीमपुर खीरी में दुखद घटना हुई है, उसमें जो दोषी होंगे, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जब से हमारी भाजपा की सरकार केंद्र में बनी तो किसानों की हर समस्याओं को दूर किया गया। बुंदेलखंड से पलायन को रोका गया। नौजवानों को रोजगार से जोड़ा गया। साढ़े 4 वर्ष के उत्तर प्रदेश के कार्यकाल के दौरान लगभग 05 लाख लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के गठबंधन को तोड़कर वर्ष 2014- 2017 और 2019 में भाजपा को जिताया है, उसी प्रकार 2022 के विधानसभा चुनाव में इन पार्टियों को सबक सिखाते हुए देश व प्रदेश के हित में अपना अमूल्य मत देकर भाजपा की सरकार बनाएं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.