पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबिजनौर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला कॉलोनी की गली से होकर गुजर रही थी। तभी बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने महिला के सिर से तमंचा सटाकर उसको गोली मार दी। घटना बिजनौर थाना कोतवाली शहर के सिविल लाइन-2 शील कुंज कॉलोनी की है। बदमाश वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। अभी हत्या के कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी है। वह शहर के आरबीडी कॉलेज में पढ़ाती थी।
पति से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला का नाम प्रियादत्त शर्मा था। उसके पति का नाम कमल शर्मा है। महिला बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी शादी मुरादाबाद के रहने वाले कमल से 1 सितंबर 2017 में हुई थी। महिला ने इंग्लिश से एमए किया है। पीएचडी भी कर रखी थी। महिला का दहेज को लेकर पति से विवाद चल रहा था। वह कुछ दिन पहले अपने पति से अलग हो गई थी।
परिवार ने अभी तक नहीं दी तहरीर
परिजनों का आरोप है कि पति, महिला से पैसे मांगता था। अभी वह शहर की वीआईपी कॉलोनी में रह रही थी। शुक्रवार सुबह 10 बजे वो कॉलेज जा रही थी। तभी यह वारदात हुई। अब तक की जांच में पता चला है कि प्रियादत्त शर्मा ने कल ही चांदपुर थाने में पति के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज करवाया था। महिला के अभी बच्चे नहीं थे। परिवार ने अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।
बेरोजगार था पति
जानकारी के मुताबिक प्रिया का पति कमल नोएडा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसकी नौकरी जा चुकी थी। उसने प्रिया से दहेज की मांग को लेकर पैसों की मांग करनी शुरू कर दी थी। जिसको लेकर वाद विवाद भी होता था। यही वजह थी कि प्रिया उससे अलग रहने लगी थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने टीम का किया गठन सूचना पर एसपी सिटी सहित पुलिस बल पहुंचा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एसपी डाक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया की घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी और सर्विलांस के माध्यम से घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। पति के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.