पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबरेली में गुरुवार को बाजार से लौट रही एक महिला की चाकू और ब्लेड मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के पति और देवर ने की। घटना के बाद आस-पास के लोग दौड़े, तो दोनों आरोपी भाग निकले। महिला ने एक साल पहले ही लव मैरिज की थी। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बानखाना इलाके का है।
पुलिस को इस हत्याकांड का एक घंटे बाद पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी राविंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे।
एक साल पहले की थी लव मैरिज
बानखाना चाहबाई की रहने वाली 20 साल की निशी कश्यप ने एक साल पहले पड़ोस में रहने वाले विकास सक्सेना से लव मैरिज की थी। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति विकास सक्सेना, जेठ आकाश, देवर कमांडो उर्फ शिवम और सास सरोज निशी को दहेज के लिए परेशान करते थे। अक्सर निशी को पीटा जाता था। निशी ने जब बेटी को जन्म दिया, तो मारपीट और बढ़ गई। इससे परेशान होकर वह बेटी के साथ मायके में रहने लगी।
बेटी के लिए दूध लेने बाजार गई थी
गुरुवार दोपहर निशी बेटी के लिए दूध खरीदने गई थी। तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे पति विकास और देवर कमांडो ने उसको घेर लिया। निशी के साथ गाली-गलौज करके जमकर मारपीट की। इसके बाद विकास ने चाकू से निशी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और देवर ने भी ब्लेड से उस पर वार करना शुरू कर दिया।
लोगों के आने पर नाले में धक्का देकर भागे
सरेआम हमला होते देख आस-पास के लोग दौड़े, तो आरोपी निशी को नाले में धक्का देकर भाग गए। घटना की जानकारी पर निशी के परिजन पहुंचे और गंभीर हालत में पहले प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। वहां उसकी हालत देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने निशी को मृत घोषित कर दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.