पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबाराबंकी जिले में एक बार फिर तेंदुआ के दिखने से लोग दहशत में हैं। यहां जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तेंदुए की दहशत से लोग परेशान और डरे हुए हैं। दो दिन पहले लोनीकटरा थाना क्षेत्र में जंगली जानवर के हमले से एक युवक घायल हुआ था और एक भैंस, दो कुत्ते भी घायल पाए गए थे। इसके बाद अब कोठी थाना क्षेत्र के मचपुरा गांव के पास खेतों में तेंदुआ घूमते हुए देखा गया। जिसका ग्रामीणों ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सूचना वन विभाग को मिली। इसके बाद वन विभाग हरकत में आया और विभाग की टीम गांव पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू की है।
खेत में तेंदुए के घूमने का वीडियो वायरल
कोठी थाना क्षेत्र के मचपुरा गांव के पास खेतों में तेंदुआ देखे जाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तेंदुआ खेतों में घूमते हुए देखा जा सकता है। लोगों का कहना है कि गांव का एक व्यक्ति खेतों की रखवाली कर रहा था। उसी दौरान उसको खेतों में कुछ आहट सुनाई दी। जिस पर उन्होंने देखा तो तेंदुआ घूमते हुए दिखाई दिया। ग्रामीणों का दावा है कि तेंदुआ एक नहीं बल्कि जोड़े में है। उन्होंने दोनों को अपने खेतों में घूमते हुए देखा है। जिसका ग्रामीणों ने वीडियो बनाया और पुलिस सहित वन विभाग को सूचना दी। कोठी पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची पुलिस ने लोगों को अकेले खेत में ना जाने की सलाह दी है। वहीं वन विभाग की टीम गांव में तलाश में जुटी हुई है।
पिछले कई दिनों से तेंदुआ होने की सूचना मिल रही थी। लोगों का कहना था कि जंगली जानवर से कई लोग और जानवर जख्मी हुए हैं। दो दिन पहले शनिवार को लोनीकटरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति रात को घर के बाहर सो रहा था। उसी दौरान किसी जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया था। साथ ही एक भैंस, दो कुत्ते भी घायल पाए गए थे। लोगों का कहना था कि तेंदुए ने हमला किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.