पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबलरामपुर में पानी के लिए दो सगे भाइयों को गोली मार दी गई। यहां ग्राम प्रधान ने शिव कुमार व राज कुमार नाम के दो भाइयों को सरकारी ट्यूबवेल से पानी न लेने की धमकी दी थी। प्रधान ने दोनों भाइयों के खेत पर ट्यूबवेल से सिंचाई के लिए पानी भी रोक दिया था। लेकिन दोनों ने जब पानी खोल दिया तो प्रधान आगबबूला हो गया और उसने खेत में दौड़ाकर गोली मार दी। गोली लगने से राज कुमार की मौत हो गई, जबकि शिव कुमार का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मामला कोतवाली देहात के ग्राम इमलिया का है। यहां के रहने वाले राज कुमार और शिव कुमार दो भाइयों का खेत है। जिसमें गन्ने की फसल लगी है। पास में ही सरकारी ट्यूबवेल है, जिससे अमूमन वह सिंचाई के लिए पानी लेते थे।
मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि बीते कुछ दिनों से प्रधान सुनील बाबा ने ट्यूबवेल का सरकारी पानी रोक दिया था। पानी लेने पर गोली मारने की धमकी भी दे दी थी। धमकी को नजरअंदाज कर दोनों ने अपने खेत में ट्यूबवेल का पानी खोल दिया। जिसके बाद प्रधान का पारा चढ़ गया। उसने अवैध असलहे से दोनों भाइयों को गोली मार दी।
साथियों के ललकारने पर प्रधान ने चला दी गोली
अस्पताल में भर्ती पीड़ित शिव कुमार ने बताया कि उसके भाई राज कुमार की गोंडा में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका इलाज अभी संयुक्त हॉस्पिटल में चल रहा है। पीड़ित ने बताया है कि प्रधान सुनील बाबा के साथ सुखराम व बुधराम नाम के दो व्यक्ति और मौजूद थे। जिनके ललकारने पर ही प्रधान ने हम दोनों पर फायरिंग कर दी।
ग्राम प्रधान समेत 3 लोगों पर मुकदमा दर्ज
पूरे मामले पर सीओ सिटी वरुण मिश्रा का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। तहरीर के आधार पर आरोपी प्रधान समेत 3 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रधान सुनील बाबा फरार है।
दो बच्चे अनाथ हो गये
मृतक राजकुमार के भतीजे शिवम ने बताया कि हम सभी संयुक्त परिवार में रहते हैं। राज कुमार चार भाई हैं। दो भाई दिल्ली में पीओपी का काम करते हैं। बाकी दो भाई यहां खेती बाड़ी करते हैं। राज कुमार की शादी लगभग 11 साल पहले हुई थी। उसकी मौत के बाद उसके दो बच्चे अनाथ हो गये हैं। जबकि शिव कुमार अभी कुंवारा है और बडे़ भाई के साथ मिलकर खेती करता था। परिवार के पास चार बीघा जमीन है। जिस पर वह खेती करते हैं।
मृतक के भतीजे ने कहा- चुनाव में वोट नहीं दिया ताे बन गया दुश्मन
आरोपी प्रधान सुनील बाबा पहली बार पिछले साल प्रधानी का चुनाव जीता है। मृतक के भतीजे शिवम ने बताया कि हमारे परिवार ने उसे वोट नहीं दिया था। जिसकी वजह से वह रंजिश रखता था। यही वजह थी कि उसने इससे पहले भी कई बार लड़ाई झगड़ा किया। आज उसने पानी का बहाना बना कर गोली मार दी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.