पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबलरामपुर पुलिस ने बात करते वक्त लोगों का फोन छीनकर भाग जाने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 10 स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए बदमाशों में से एक मुंबई का है। वह 2 बार हत्या के मामले में जेल भी जा चुका है।
बता दें कि शहर से लेकर देहात तक के लोग मोबाइल झपट कर रफूचक्कर हो जाने वाले गिरोह से परेशान थे। आए दिन बात करते वक्त महिलाओं और युवकों से बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। इसकी शिकायत लगातार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में थानाध्यक्षों को मिल रही थी। पूरे मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना के निर्देशन में सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीम ने पूरे मामले की जांच पड़ताल व मॉनिटरिंग शुरू की। इसके बाद बुधवार को पुलिस को सफलता हाथ लगी। पुलिस ने सुआव नाला पुल से रुपेश यादव, जैकी यादव व हरीश पांडे को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने कुल 10 स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
2 अन्य बदमाशों का आपराधिक इतिहास जुटा रही पुलिस
पकड़ा गया बदमाश हरीश पांडे पुत्र चंद्रमणि पांडेय गोरेगांव मुंबई का रहने वाला है। वह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। वह मुंबई में दो बार हत्या व मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी स्थानीय पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है। एसपी राजेश सक्सेना ने कहा कि यह बेहतर काम हुआ है और ऐसे गिरोह को किसी भी हालत में जिले में सक्रिय नहीं रहने दिया जाएगा, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लूट की ताबड़तोड़ वारदातों से पुलिस भी थी परेशान
मोबाइल लुटेरों के गैंग ने ताबड़तोड़ वारदातें कर पुलिस को भी परेशान कर रखा था। आए दिन मोबाइल लूट की शिकायतें थाने पहुंच रहीं थीं। लुटेरे लूट के बाद एक ही मिनट में आंखों से ओझल हो जाते थे। पुलिस काफी दिनों से उनके बारे में सुराग जुटा रही थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.