पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबदायूं में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरे पर सहसवान विधानसभा के प्रमोद इंटर कॉलेज में पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में 1,328 करोड़ की 359 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इसके बाद आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक/स्वीकृति-पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सपा व विपक्ष पर जमकर हमला बोला। साथ ही सहसवान विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी को वोट देने की अपील भी की।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकार में खानदान (परिवार) ही प्रदेश हुआ करता था। पूर्व की सरकार ने प्रदेश के विकास, किसान, नौजवानों को अपने एजेंडे में रखा ही नहीं। वह चाहते तो प्रदेश का भी विकास कर सकते थे, लेकिन उनके लिए तो सिर्फ उनका खानदान (परिवार) ही प्रदेश के बराबर था। इसलिए उन्होंने अपने परिवार का ही विकास किया। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सपा की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर था और सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त थी। साढ़े 4 साल में एक नए उत्तर प्रदेश की स्थापना हुई है और उस तस्वीर को दुनिया देख रही है।
देश-दुनिया के लिए मिसाल बना अयोध्या दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज अयोध्या हमारी पहचान है। पहले लोग अयोध्या जाने से डरते थे और अयोध्या में राम मंदिर की बात करने पर तमाम प्रश्न किया करते थे। आज अयोध्या में दीपावली का उत्सव मना कर प्रदेश सरकार ने एक अलग आयाम हासिल किया है। साथ ही देश और दुनिया को यह संदेश दिया है कि अपने त्योहार को हम किस तरह इवेंट के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।
सहसवान विधानसभा से बीजेपी विधायक होता तो और होता विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हमारी सभा सहसवान विधानसभा में है। अगर 2017 में यहां से बीजेपी विधायक होते तो और भी विकास होता। हालांकि हमारी बीजेपी सांसद ने इस क्षेत्र में तमाम विकास कार्य कराए हैं लेकिन सांसद और विधायक मिलकर काम करते हैं तो और अच्छे विकास कार्य होते। उन्होंने जनता से अपील की कि 2022 के चुनाव में सहसवान विधानसभा से भी बीजेपी प्रत्याशी को वोट देकर जिताएं ।
बेदामऊ नाम से थी बदायूं की पहुंचान सीएम
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले बदायूं की पहचान बेदामऊ नाम से थी। यहां की संस्कृति और धरती दोनों ही अलग है। यहां की जैसी धरती पूरी दुनिया में कहीं नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां गंगा जमुनी तहजीब है।
कोविड वैक्सीन लगाने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए लोगों से कोविड वैक्सीन लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करा रही है। सभी लोग वैक्सीन जरूर लगवाएं और स्वस्थ रहें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कोरोना काल बुरी तरह से तबाही मची थी। तब विपक्ष में बैठे लोग अपने घरों में थे और ट्विटर फेसबुक के माध्यम से लोगों की मदद कर रहे थे लेकिन हमारी पार्टी के विधायक कार्यकर्ता लोगों के पास जाकर उनकी मदद कर रहे थे। यहां तक की केंद्र व प्रदेश सरकार ने सभी को मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि, बेरोजगारों को रोजगार भत्ता भी दिया था।
बदायूं दूसरी बार पहुंचे है मुख्यमंत्री
सीएम योगी मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरी बार बदायूं पहुंचे हैं। जिले के लोगों को मुख्यमंत्री से बड़ी आस है। सीएम योगी बदायूं में करीब एक घंटे रहेंगे। इसके बाद शाहजहांपुर के जलालाबाद में होने वाली जनसभा को संबोधित करने के लिए रवाना हो जाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.