पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंयूपी में आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत हुई है। आजमगढ़ में निरहुआ ने सपा के धर्मेंद्र यादव को 8,679 वोटों से हराया। आजम खान के गढ़ रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 42 हजार वोटों से मात दी।
ये दोनों सीटें सपा का गढ़ मानी जाती रही हैं। अखिलेश और आजम खान के इस्तीफा देने के चलते ये सीटें खाली हुईं थीं। आजमगढ़ से इसके पहले 2009 में भाजपा के रमाकांत यादव चुनाव जीते थे। जबकि रामपुर से 2014 में भाजपा से डॉ. नेपाल सिंह ने जीत हासिल की थी।
योगी बोले-2024 का संकेत, अखिलेश का तंज-लोकतंत्र की हत्या की क्रोनोलॉजी
दोनों सीटों पर जीत के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "दोनों सीट के परिणामों ने 2024 के चुनाव नतीजों का संकेत दे दिया है।'' पीएम मोदी ने भी ट्वीट करके रामपुर और आजमगढ़ में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया। कहा, "यह डबल इंजन सरकार के सपोर्ट को दिखाता है।''
हार के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ''भाजपा के राज में लोकतंत्र की हत्या की क्रोनोलॉजी: नामांकन के समय चीरहरण, नामांकन निरस्त कराने का षड्यंत्र, प्रत्याशियों का दमन, मतदान से रोकने के लिए दल-बल का दुरुपयोग, काउंटिंग में गड़बड़ी, जन प्रतिनिधियों पर दबाव, चुनी सरकारों को तोड़ना। ये है आजादी के अमृतकाल का कड़वा सच!''
आजमगढ़ का परिणाम...
प्रत्याशी | पार्टी | कुल वोट | स्थिति |
दिनेश लाल यादव निरहुआ | भाजपा | 3,12,768 | जीते |
धर्मेंद्र यादव | सपा | 3,04,088 | दूसरा नंबर |
शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली | बसपा | 2,66,210 | तीसरा नंबर |
रामपुर का परिणाम ...
प्रत्याशी | पार्टी | कुल वोट | स्थिति |
घनश्याम लोधी | भाजपा | 367397 | जीते |
आसिम राजा | सपा | 325205 | हारे |
उपचुनाव रिजल्ट पर किसने क्या कहा?
धर्मेंद्र यादव बोले- बीजेपी-बसपा गठबंधन को बधाई
हार के बाद आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने कहा, ''मैं अपनी हार के लिए बीजेपी-बसपा के गठबंधन को बधाई दूंगा, जो प्रत्यक्ष तौर पर राष्ट्रपति के चुनाव में भी सामने आ गया। आजमगढ़ के चुनाव में यह गठबंधन पहले से ही चल रहा था। अगर वे दोनों गठबंधन करके मुझे हराकर खुश हैं, तो वे अपनी खुशी का इजहार जरूर करें।''
निरहुआ का तंज-अखिलेश को पता था, इसलिए यहां नहीं आए
चुनाव में जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी निरहुआ ने कहा," यह आजमगढ़ की उम्मीद की जीत है। उनको (अखिलेश यादव को) पता था कि वे यहां नहीं जीत पाएंगे। इसलिए वे यहां प्रचार करने नहीं आए। यह (आजमगढ़) भाजपा का गढ़ हो चुका है। चप्पा-चप्पा भाजपा हो चुका है।
गुड्डू जमाली ने कहा-2024 में फिर और मजबूती से आएंगे
आजमगढ़ में तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली रहे हैं। उन्होंने कहा, " हार-जीत चलती रहती है। 2024 में फिर और मजबूती से आएंगे। बसपा को सपा की हार का कारण बताए जाने से जुडे़ सवाल पर उन्होंने कहा, ''यह बात मैं भी कह सकता हूं। सपा ने हमारे वोट काट दिए। इसलिए मैं हार गया।" राजनीति में हर कोई जीतने के लिए आता है।
सीएम योगी बोले- नकारात्मक सोच वालों को जनता ने जवाब दे दिया
उपचुनाव में दोनों सीटों पर जीत के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में भाजपा दफ्तर पहुंचे। उन्होंने कहा,"एक बार फिर नकारात्मक सोच और कुख्यात, परिवारवादी ताकतों को जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है। अब परिवारवादियों, जातिवादियों, सांप्रदायिक उन्माद को भड़काने वाले माफिया को आश्रय देने वाली पार्टियों को जनता स्वीकार करने वाली नहीं है।"
आजम खान बोले-रामपुर में जो चुनाव हुआ है, वह चुनाव था ही कहां?
रामपुर में हार के बाद आजम खान ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, "रामपुर में जो चुनाव हुआ है, वह चुनाव था ही कहां? इसे न आप चुनाव कह सकते हैं और न ही चुनावी नतीजे। 900 वोट के पोलिंग स्टेशन में सिर्फ 6 वोट डाले गए। 500 के पोलिंग स्टेशन में सिर्फ 1 वोट डाला गया। जिस तरह से वोट डाले गए, हम अपने प्रत्याशी की जीत मानते हैं।"
आसिम राजा ने कहा- पुलिस ने चुनाव प्रभावित किया
रामपुर से सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने हार के बाद कहा, "पुलिस ने चुनाव को कैप्चर कर लिया। रामपुर में मुस्लिम इलाके में लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया। जहां छह हजार लोग वोट डालते थे, वहां 6 लोगों ने ही वोट दिया।
सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की पुलिस से हुई नोकझोंक
सुबह आजमगढ़ में काउंटिंग के दौरान सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हो गई। धर्मेंद्र स्ट्रांग रूम में जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक लिया गया। इस पर उन्होंने EVM बदलने का आरोप लगाया। धर्मेंद्र ने पुलिसकर्मियों से कहा, ''अंदर क्यों नहीं जाने दिया जा रहा है। क्योंकि वहां आप लोग घोटाला कराना चाहते हैं।''
कहां कितनी वोटिंग हुई थी
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.