पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंऔरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों एक बारात में शामिल होने कन्नौज गए थे। वापस आते समय डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर गांव में मातम छा गया। लोगों ने बताया कि बचपन के दोस्त थे। साथ जिए और साथ में ही दुनिया छोड़ गए।
क्षेत्र के गूरा गांव निवासी विवेक सिंह (23) व नीलेश (26) में गहरी दोस्ती थी। मंगलवार को तारा पुर्वा गांव निवासी नीलेश के मौसा के बेटे अनिल की शादी थी। साथ ही गांव के ही अरूण की भी शादी थी। दोनों की बारात कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र के रूपपुर व ककरहिया गांव गई थी।
डीसीएम ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी
विवेक और नीलेश भी बारात में शामिल होने के लिए बाइक से गए थे। दोनों बारातों में शामिल होने के बाद वह देर रात घर लौट रहे थे। बिधूना-सौरिख एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के पास सामने से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, नीलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को रिम्स सैफई में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर गांव में मातम छा गया
हादसे की सूचना पर घर में कोहराम मच गया तो वहीं गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने दोनों की दोस्ती की यादें ताजा करते हुए कहा कि वह हमेशा साथ रहते थे। ज्यादातर काम साथ में ही मिलकर करते थे। जीवन के अंतिम समय में भी उन्होंने साथ निभाते हुए दुनिया को अलविदा कहा।
गांव में ही किया जाएगा अंतिम संस्कार
विवेक का कन्नौज में और नीलेश का इटावा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद दोनों शवों को घर लाया जाएगा। गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। नीलेश की शादी 18 महीने पहले बांदा निवासी गौरी सिंह के साथ हुई थी। पांच माह की एक पुत्री है। वहीं विवेक अभी अविवाहित था।
3 जुलाई को बहन की है शादी
विवेक के परिजनों ने बताया कि नीलेश व विवेक दोनों प्राइवेट नौकरी करते थे। काम के लिए नीलेश दिल्ली, जबकि विवेक सोनीपत में रहता था। 3 जुलाई को बहन वर्षा की शादी होनी है। इसके कारण वह 15 दिन पहले जबकि नीलेश 3 दिन पहले गांव आया था। घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रहीं हैं। हादसे के बाद खुशियों के घर में मातम पसर गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.