पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअलीगढ़ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में महिला की हत्या करने वाले रिश्तेदार को पुलिस ने 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रिश्तेदार ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जमालपुर स्थित हमदर्द निवासी महिला के घर जाकर चाकुओं से घोंपकर उसकी हत्या कर दी थी। महिला को बचाने में उसका बड़ा बेटा भी घायल हो गया था। जिसके बाद महिला के पति ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद एसपी ने मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की थी, जिसने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद देर शाम पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
किराए के मकान में रहती थी महिला
सिविल लाइन क्षेत्र के जमालपुर स्थित हमदर्द नगर निवासी रुकसार (32) पत्नी सावेज का 10 माह पहले अपने शौहर से विवाद हो गया था। जिसके बाद वह किराए का मकान लेकर रह रही थी। उसके साथ उसके दोनों बेटे उसके साथ रहते थे। यह मकान महिला के दूर के रिश्तेदार अनवार खां निवासी उस्मानपाड़ा, थाना देहलीगेट ने ही किराये पर दिलवाया था। जिसके बाद से वह अक्सर महिला से मिलने आता जाता रहता था। आरोप है कि अनवार सोमवार सुबह महिला से मिलने उसके घर पहुंचा। यहां उसका महिला से कुछ विवाद हो गया, जिसके बाद उसने चाकुओं से ताबकतोड़ वार कर दिए। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां को बचान में बड़ा बेटा हुआ घायल
आरोपी ने जब महिला पर वार किया तो चीख-पुकार पर रुकसार के दोनों बेटे सात वर्षीय सुबहान उर्फ शिब्बो व पांच वर्षीय जुबैद जग गए। बड़े बेटे सुबहान ने जब अपनी मां को बचाने की कोशिश की तो हमलावर ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर कर दिया। शोर सुनकर मकान मालिक व पड़ोसी आ गए। इस बीच हमलावर वहां से भाग गया। सूचना पर क्षेत्रिय पुलिस पहुंची और रुकसार और उसके बेटे को मेडिकल कालेज भेजा।
शौहर ने कराया नामजद मुकदमा
मृतका का अपने शौहर शावेज से 10 माह पूर्व विवाद होने के बाद वह अलग रहने लगी थी। जिसके बाद उसका शौहर मुंबई जाकर काम कर रहा था। बीते दिनों उसका एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद वह अलीगढ़ वापस लौट आया था। घटना के बाद उसने ही थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी।
अलीगढ़ छोड़कर भागने की फिराक में था आरोपी
एसपी सिटी कुलदीप गुनावत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उन्होंने टीमों का गठन किया था। इसी बीच आरोपी जिला छोड़कर भागने की फिराक में था। लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना देहलीगेट निवासी आरोपी अनवार पुत्र बन्ने खां को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.