पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअलीगढ़ में शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई। वह रेलवे ट्रैक के आसपास बकरियां चरा रही थी। तभी अचानक ट्रेन आ गई। बच्ची को बचाने में उसकी मां और एक अन्य लड़की भी गंभीर रूप से घायल हो गई। मां के सिर और कमर में चोटें आई हैं, जबकि दूसरी लड़की का पैर ट्रेन के नीचे आने से कट गया।
दिल्ली से आ रही गोमती एक्सप्रेस से यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली से आ रही थी गोमती एक्सप्रेस
बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बरौला जाफराबाद निवासी सीमा देवी पत्नी सुभाष के चार बच्चे हैं। इनकी बेटी अंजली (15) शनिवार को बकरियां चरा रही थी। दिल्ली से लखनऊ जा रही गोमती एक्सप्रेस जब यहां से गुजरी, तो बकरियां रेलवे ट्रैक के आसपास ही थीं। अंजली उनको हटाने दौड़ी, तो ट्रेन की चपेट में आ गई।
यह देख जब उसकी मां बचाने दौड़ी, तो वह भी ट्रेन से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान एक अन्य लड़की का भी ट्रेन से पैर कट गया। मृतक का पिता सुभाष राज मिस्त्री का काम करता है। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।
महिला गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया
बन्नादेवी थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घायलों को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं जिस बच्ची का पैर कटा है, उसके परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर गए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को बच्ची का पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.