पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआगरा में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। गुरुवार को ऐसा लगा मानो आसमान से शोले बरस रहे हो। तापमान 46 डिग्री के करीब रहा। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिन तक ऐसी भयंकर गर्मी पड़ने की आशंका जाहिर की है। 24 मई से मौसम में बदलाव होने और बारिश पड़ने की संभावना जताई गई है।
45.8 डिग्री रहा तापमान
गुरुवार सुबह से गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। आठ बजे धूप इतनी तेज चुभ रही थी कि दो मिनट खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। दोपहर 12 बजे के बाद तो गर्मी ने बेहाल कर दिया। गर्मी के साथ लू ने मुश्किल और बढ़ा दी। दोपहर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री दर्ज किया गया। शाम को धूप भले ही चली गई, लेकिन गर्मी में राहत नहीं मिली। शाम सात बजे गर्म हवा चल रही थीं। कूलर और एसी की हवा भी राहत नहीं दे पा रही थी। ताजमहल पर आए पर्यटक गर्मी से व्याकुल दिख। ताजमहल में पानी के लिए पर्यटक भटकते रहे।
चार दिन चलेगी लू, फिर होगी बारिश
मौसम विभाग ने 23 मई तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। पारा 46 डिग्री तक पहुंचेगा। इसके अलावा लू भी चलेगी। वहीं, 24 व 25 मई को मौसम में बदलाव दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है।
घर से बाहर निकलने में बरतें सावधानी
गर्मी के साथ लू ने लोगों को परेशान कर दिया है। ऐसे में चिकित्सकों की सलाह है कि लोग घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। बिना काम के घर, आफिस से बाहर न निकलें। बेहतर होगा कि दोपहर 12 से चार बजे के बीच बाहर न जाएं। धूप में बाहर निकलते समय पूरा शरीर ढक कर निकलें। साथ में पानी की बोतल और ओआरएस का घोल लेकर चलें। थोड़ी देर बाद पानी पीते रहें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.