पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- विधानसभा और लोकसभा का चुनाव 5 साल का होता है। देश में MLA और MP के लिए तो पेंशन है, लेकिन अब बॉर्डर पर दुश्मन से जंग लड़ने वाले जवान को पेंशन नहीं मिलेगी। अब इस देश में ‘ना तो रैंक है, ना पेंशन है। नौजवान को सिर्फ टेंशन है। टेंशन इस बात की है कि पूरे देश के एयरपोर्ट 50 साल के लिए अडानी को दे दिए और फौज में जवान को 4 साल के लिए नौकरी दे रहे हैं। आज 15 साल की नौकरी के बाद जब फौज से जवान घर पर आता है, भारत सरकार उसे ही नौकरी नहीं दे पा रही। तो 4 साल वालों को कहां से नौकरी देगी। 6 महीने की ट्रेनिंग और साढ़े 3 साल की नौकरी देश से धोखा है।
चाहे लाठी चले या गोली,अग्निपथ स्कीम लागू नहीं होने देंगे
खाचरियावास ने कहा- 25 लाख करोड़ रुपए पेट्रोल-डीजल पर पहली बार केन्द्र सरकार ने आजादी के बाद एक्साइज ड्यूटी लगाकर कमाए हैं। ये पाप हो रहा है। हम लड़ेंगे-मरेंगे, आर-पार का संघर्ष करेंगे। देश में चाहे लाठी चले, चाहे गोली चले। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता मुकाबला करेगा। अग्निपथ योजना लागू नहीं होने देंगे। अग्निपथ की आग में देश जल रहा है। नौजवान की आत्मा रो रही है। नौजवानों के सपनों को सरकार कुचलना चाहती है। कांग्रेस अंतिम दम तक लड़ेगी। लेकिन अग्निपथ को लागू नहीं होने देगी। चाहे सरकार कुछ भी कर ले।
अग्निपथ स्कीम में सैनिकों की 4 साल के लिए भर्ती के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आज प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में धरना प्रदर्शन कर सत्याग्रह किया। जयपुर शहर के 8 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस नेता, मंत्री, विधायक और विधायक प्रत्याशी, ब्लॉक और वार्ड अध्यक्ष, पार्षद समेत कार्यकर्ताओं ने धरने देकर नारेबाजी की। जयपुर के शास्त्री नगर में कांवटिया सर्किल पर हुए धरना प्रदर्शन में प्रताप सिंह खाचरियावास शामिल हुए। जहां मीडिया से रूबरू होकर उन्होंने यह बात कही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.