पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगहलोत कैबिनेट में रविवार को बड़ा फेरबदल हुआ। 11 ने कैबिनेट और 4 ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। शाम 4 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इससे पहले गहलोत कैबिनेट के सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए गए, जिनमें से तीन मंत्री रघु शर्मा, हरीश चौधरी, गोविंद सिंह डोटासरा के इस्तीफे मंजूर किए गए। नए मंत्रियों के नाम तय हो गए हैं। विश्वेंद्र सिंह के अलावा पायलट खेमे से 4 मंत्री बने हैं। 3 राज्य मंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। गहलोत कैबिनेट में 29 मंत्री हो गए हैं, अब सीएम सहित 30 का कोटा पूरा हो गया है, एक भी जगह खाली नहीं है।
कुल 15 मंत्री
11 कैबिनेट मंत्री : हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, ममता भूपेश, भजनलाल जाटव, टीकाराम जूली, गोविंद मेघवाल, शकुंतला रावत।
4 राज्यमंत्री: जाहिदा, बृजेंद्र ओला, राजेंद्र गुढा और मुरारीलाल मीणा
संगठन में पद वाले केवल तीन मंत्रियों को ही ड्रॉप किया है। रविवार दोपहर 2 बजे सभी मंत्रियों को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर बुलाया गया, वहीं से वे राजभवन पहुंचे। मंत्री बनने वाले नए विधायकों को शनिवार रात ही फोन करके सूचना दे दी गई। शनिवार शाम को सीएम निवास पर हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में सभी मंत्रियों से इस्तीफे लिए गए। जिन मंत्रियों को हटाया है, केवल उन्हीं 3 के इस्तीफे स्वीकार किए गए है, बाकी सभी नए मंत्रिमंडल में भी शामिल रहे हैं।
मंत्रियों के विभागों में भारी फेरबदल
मंत्रियों के विभागों में भारी फेरबदल होना तय माना जा रहा है। कुछ मंत्रियों को छोड़ ज्यादातर के विभाग बदले जाएंगे। मंत्रियों के विभाग भी कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर ही तय होकर आए हैं, जिनके बारे में फैसला शपथ ग्रहण समारोह के बाद होगा।
7 पॉइंट्स में जानिए कैसा हो सकता है नया मंत्रिमंडल...
1. डोटासरा और हरीश की जगह जाट और रघु की जगह ब्राह्मण चेहरे को ही मौका
गोविंद सिंह डोटासरा, हरीश चौधरी और रघु शर्मा की जगह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। दो जाट और एक ब्राह्मण चेहरे को मौका दिया गया है। डोटासरा और हरीश चौधरी की जगह जाट चेहरों के तौर पर रामलाल जाट, बृजेंद्र सिंह ओला, हेमाराम चौधरी को मौका दिया गया है।
रघु शर्मा की जगह महेश जोशी मंत्री बनाए गए हैं। हेमाराम, रामलाल जाट और ओला पहले भी गहलोत के साथ मंत्री रह चुके हैं। महेश जोशी गहलोत के बहुत नजदीक माने जाते हैं और अभी सरकार के मुख्य सचेतक के बाद अब मंत्री के रूप में शपथ ले चुके हैं।
2. बसपा से कांग्रेस में आने वालों में गुढ़ा मंत्री बनेंगे
बसपा से कांग्रेस में आने वालों में राजेंद्र सिंह गुढ़ा काे राज्य मंत्री बनाया गया है। बसपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी छह विधायक ही दावेदारी कर रहे थे, लेकिन बाकी पांच को सीएम का सलाहकार या संसदीय सचिव बनाकर संतुष्ट किया जा सकता है।
3. मास्टर भंवरलाल की जगह दलित वर्ग से ममता भूपेश, टीकाराम जूली प्रमोट, गोविंद नए चेहरे
मास्टर भंवरलाल मेघवाल के निधन के बाद गहलोत सरकार में कोई दलित कैबिनेट मंत्री नहीं था। मास्टर भंवरलाल मेघवाल की जगह अब दूसरी बार के विधायक गोविंद मेघवाल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। तीन दलित राज्य मंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया। गोविंद मेघवाल वसुंधरा राजे के पहले कार्यकाल में संसदीय सचिव रह चुके हैं, बाद में वे बीजेपी छोड़ कांग्रेस में आ गए।
4. आदिवासी क्षेत्र से मालवीय
आदिवासी चेहरों के तौर पर महेंद्रजीत मालवीय को मंत्री बनाया गया है। मालवीय पहले भी मंत्री रह चुके हैं। मालवीय की पत्नी जिला प्रमुख हैं।
5. अल्पसंख्यक वर्ग से जाहिदा, गुर्जर समाज से शकुंतला
अल्पसंख्यक वर्ग से जाहिदा खान को राज्य मंत्री बनाया गया है। गुर्जर चेहरे के तौर पर शकुंतला रावत को कैबिनेट मंत्री के रूप में जगह दी गई है। कांग्रेस की अंदरूनी सियासत के लिहाज से गुर्जर चेहरों को मौका मिलने की पूरी संभावना थी। जाहिदा खान पहले संसदीय सचिव रह चुकी हैं।
6. विश्वेंद्र सिंह के अलावा पायलट कैंप से 4 मंत्री
सचिन पायलट कैंप से विश्वेंद्र सिंह को छोड़ 4 मंत्री बन रहे हैं। बगावत के समय बर्खास्त किए गए रमेश मीणा और विश्वेंद्र सिंह को फिर से कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। हेमाराम चौधरी भी कैबिनेट मंत्री बने हैं। बृजेंद्र सिंह ओला को राज्य मंत्री बनाया गया है।
7. फेरबदल के बाद भी 13 जिलों से कोई मंत्री नहीं
फेरबदल के बाद भी गहलोत सरकार में 13 जिलों से फिलहाल कोई मंत्री नहीं है। अजमेर, नागौर, जोधपुर, उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, सिरोही, धौलपुर, टोंक, सवाई माधोपुर जिलों से फेरबदल बाद भी मंत्री नहीं है। क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिहाज से इसे कमी माना जा रहा है। कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले नागौर, सीकर से कोई मंत्री नहीं है। नहरी क्षेत्र के दो जिले भी खाली हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.