पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंराजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के मौजूदा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह यादव 2 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं। भूपेंद्र सिंह के रिटायरमेंट से पहले सरकार ने नए आरपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आज-कल में कभी भी नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है।
बताया जाता है कि सरकार किसी वरिष्ठ पुलिस अफसर को इस पद पर नियुक्त कर सकती है। पुलिस अफसरों में मौजूदा डीजीपी एमएल लाठर, बीएल सोनी, डीजी इंटेलिजेंस उमेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव के नाम दावेदारों में हैं। दो मौजूदा और रिटायर्ड आईएएस के अलावा मौजूदा आारपीएससी मेंबर भी दावेदार हैं।
भर्तियों पर सवाल उठने से सरकार परेशानी में, नए अध्यक्ष के सामने चुनौतियां
भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से सरकार की छवि पर असर पड़ रहा है। आरपीएससी अध्यक्ष पद पर पुलिस बैकग्राउंड के अफसर को लगाने के पीछे भी यही कारण है। पहले भी पुलिस और प्रशासनिक बैकग्राउंड वाले अफसर आरपीएससी अध्यक्ष पद पर रहे हैं। मौजूदा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह डीजीपी रहे हैं। इससे पहले आईएएस दीपक उप्रेती भी अध्यक्ष रहे हैं। सीएम अशोक गहलोत ने भी माना था कि प्रदेश की भर्तियों पर सवाल उठ रहे हैं, इससे सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। नए आरपीएससी अध्यक्ष के सामने भी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक से लगातार खराब हो रही छवि को सुधारने की चुनौती होगी।
डीजीपी एमएल लाठर को आरपीएससी का अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें मौजूदा पद से इस्तीफा देना होगा। डीजीपी पद पर अभी उनका साल भर का कार्यकाल बाकी है। लाठर अगर आरपीएएसी अध्यक्ष बनते हैं तो बीएल सोनी डीजीपी बन सकते हैं। वैसे बीएल सोनी का नाम भी दावेदारों में है। लाठर की दावेदारी के पीछे सियासी समीकरण साधना भी है। लाठर को बनाया जाता है तो वे 10 मई 2023 तक ही पद पर रहेंगे, लाठर 2023 में 62 साल के हो जाएंगे। आरपीएससी अध्यक्ष अधिकतम 62 वर्ष की उम्र तक रह सकते हैं। यदि लाठर अध्यक्ष बनते हैं तो चुनावी साल में कांग्रेस सरकार के पास एक और अफसर या नजदीकी को पद देने का मौका होगा।
दावेदारों की लंबी कतार
आरपीएससी अध्यक्ष पद पर दावेदारों की लंबी कतार है। पुलिस अफसरों में डीजी इंटेलीजेंस उमेश मिश्रा, एडीजी सौरभ श्रीवास्तव के भी नाम हैं। हालांकि मिश्रा मई 2024 में रिटायर होंगे, इसलिए उनके पास लंबा कार्यकाल पड़ा है। सौरभ श्रीवास्तव अप्रैल 2023 में रिटायर होंगे। पुलिस के अलावा आईएएस अफसरों में पीके गोयल, चेतन देवड़ा और नन्नूमल पहाड़िया, रिटायर्ड आईएएस में पूर्व सीएस राजीव स्वरूप के नाम भी चर्चा में हैं। आरपीएससी के मौजूदा मेंबर्स में से डॉ. सुनीता आर्य, और बाबूलाल कटारा के नाम की भी चर्चा है। आरपीएससी में पहले भी मेंबर को कई बार अध्यक्ष बनाया जाता रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.