पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरोपड़ के लोगाें को शहर में फगवाड़ा-बंगा-नवांशहर- रोपड़ एनएच 344-ए पर नए बस स्टैंड के नजदीक सरहिंद नहर पर फोरलेन स्टील ब्रिज के लिए 31 मार्च 2023 तक का इंतजार करना पड़ेगा। इसके निर्माण की डेडलाइन नवंबर अंत तक की थी लेकिन तब तक इसका 50 फीसदी काम ही पूरा हो सकेगा। जहां पुल के निर्माण कार्य को लेकर तारीख बढ़ाए जाने पर विभाग ने सरहिंद नहर में पानी बंद करने की मंजूरी 1 जनवरी से लेकर 21 जनवरी तक मिलने का तर्क दिया है। वहीं वन विभाग की ओर से भी अभी तक स्टे-2 की परमिशन नहीं दी गई है।
इसके अलावा काम की सुस्त चाल भी इसके निर्माण में देरी का कारण है। अब भी पुल पर मात्र 10 मजदूर ही काम कर रहे हैं। पहले भी करीब तीन महीने तक पुल का निर्माणकार्य बंद रहा था। इस फोरलेन ब्रिज का निर्माण एसपी सिंगला की फर्म कर रही है। इस पर 52 करोड़ 72 लाख रुपए खर्च आने की संभावना है। सरहिंद नहर पर पुराने पुल को गिराकर उसकी जगह पर ये दो पुल बनाए जाएंगे। इनकी लंबाई 135 मीटर व चौड़ाई 13.5 मीटर होगी। इनके साथ ही यहां 150-150 मीटर की रोड भी बनेगी। वैसे इस ब्रिज के निर्माण के चलते लोगाें को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दरअसल, इस कारण 70 फीसदी बसें बस स्टैंड में ना आकर सीधे बाइपास की ओर चली जाती हैं। इससे लोगों को ट्रैफिक लाइटों के सहारे बसों पर चढ़ना पड़ता है। जिला प्रशासन ने भी सरहिंद नहर के किनारे हैवी व्हीकलों की आवाजाई रोकने के लिए बैरिकेडिंग व पत्थर लगाए थे लेकिन शरारती तत्वों ने उन्हें हटा दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.