पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपंजाब में कांग्रेस नेता इंद्रप्रीत सिंह बंटी पर मोबाइल टॉयलेट चोरी का केस दर्ज हुआ है। यह कांग्रेस नेता नगर कौंसिल धर्मकोट के प्रधान हैं। नगर निगम कमिश्नर ने इसकी शिकायत पुलिस को की। इसमें कहा गया कि यह मोबाइल टॉयलेट मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भेजे गए थे। उसके बाद इसे वापस नहीं भेजा गया। जांच में पता चला कि नगर कौंसिल प्रधान ने मोबाइल टॉयलेट अपने शेलर में रखवा दिया, जिसे बरामद कर लिया गया है।
CM चन्नी की रैली में भेजे थे 2 मोबाइल टॉयलेट
मोगा निगम कमिश्नर के मुताबिक 29 दिसंबर 2021 को धर्मकोट शहर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम था। तब पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी। जिसके CM चरणजीत सिंह चन्नी थे। सीएम की रैली में निगम ने 2 मोबाइल टॉयलेट भेजे थे। रैली खत्म होने के बाद एक मोबाइल टॉयलेट तो मिल गया लेकिन दूसरा वापस नहीं भेजा गया।
SDM के आदेश पर ढूंढा गया
मोबाइल टॉयलेट गुम होने के बारे में निगम ने एसडीएम को लेटर भेजा। जिसमें उन्हें इसे ढूंढकर वापस भेजने को कहा गया। जल सप्लाई एवं सेनिटेशन विभाग ने इसकी जांच की। उन्हें मोबाइल टॉयलेट नगर कौंसिल धर्मकोट के प्रधान इंद्रप्रीत बंटी के जालंधर बाईपास मोगा स्थित शैलर में यह बरामद हो गया। एसडीएम के आदेश के बाद टॉयलेट वापस भेज दिया गया। निगम के मुताबिक बंटी ने अवैध तरीके से सरकारी मोबाइल टॉयलेट को अपने निजी शैलर में रखा।
नगर कौंसिल प्रधान बोले- राजनीतिक बदला लिया जा रहा
इस मामले में नगर कौंसिल प्रधान इंद्रप्रीत बंटी ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक बदलाखोरी की वजह से केस दर्ज किया गया है। रैली के बाद निगम ने एक ही टॉयलेट उठाया और दूसरा वहीं छोड़ दिया। उसे कोई चोरी न कर ले, इसलिए उन्होंने निगम अफसरों को सूचना देकर उसे शेलर के पास रखवा लिया। बाद में निगम वाले उसे ले गए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उनसे नगर कौंसिल प्रधान की कुर्सी छीनना चाहती है। इसलिए यह सब किया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.