पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंविदिशा जिले के सिरोंज में राम नवमी पर निकली शोभायात्रा में अनोखा दृश्य देखने को मिला। यहां एक बुजुर्ग महिला इतनी भाव-विभोर हो गई कि वह शोभायात्रा पर हरी धनिया बरसाने लगी। भक्ति के इस अनोखे नजारे को लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
दरअसल, गुरुवार को सिरोंज शहर में राम नवमी सेवा समिति ने शोभायात्रा निकाली। यह यात्रा मुख्य बाजार से निकल रही थी। इस दौरान रोड किनारे सब्जी की छोटी सी दुकान लगाने वाली बुजुर्ग महिला रामकली के सामने से गुजरी, तो महिला अपने आप को रोक नहीं पाई। बुजुर्ग महिला को फूल नहीं मिले तो उसने अपनी दुकान में रखा हरा धनिया बरसाना शुरू कर दिया। इसे देखकर यात्रा में शामिल विक्की रघुवंशी ने महिला की तुलना माता शबरी से की। उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर भी किया।
30 साल से लगा रही दुकान
रामकली कुशवाह ने बताया कि वे करीब 30 साल से यहां सब्जी की दुकान लगा रही हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी सब्जी की ही दुकान लगाते हैं। खेतों में सब्जी उगाना और उसे बेचना उनका पुश्तैनी काम है। इसकी से परिवार का गुजारा चलता है।
भगवान को भाव प्रिय हैं
रामकली ने बताया कि मैं दुकान पर थी तभी भगवान राम की शोभायात्रा आ गई। मेरे पास शोभायात्रा का स्वागत करने के लिए फूल नहीं थे, लेकिन दुकान पर हरी धनिया रखी थी। मैंने धनिया की वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। वैसे भी भगवान को कोई वस्तु या सामग्री नहीं भाव प्रिय हैं। माता शबरी की कथा तो आप सभी भली-भांति जानते ही हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.