पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकेंद्रीय मूल्यांकन समिति की अनुशंसा के बाद कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी जिला मूल्यांकन समिति ने 1 अप्रैल से जिले में प्रापर्टी की बढ़ी हुई दरें लागू कर दी हैं। जिले में कुल 2960 लोकेशन में से 330 लोकेशन में 5 से लेकर 20 फीसदी तक दरें बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
इसमें विदिशा शहर की 109 और ग्रामीण इलाकों की 221 प्राइम लोकेशन शामिल हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल 2022 से लेकर 31 मार्च 2023 तक एक साल की अवधि में विदिशा जिले में कुल 24050 दस्तावेजों का पंजीयन किया गया है। इसमें से शासन को 112 करोड़ रुपए की आय हुई है, जबकि 2021-22 में 22400 दस्तावेजों के पंजीयन से कुल 105.25 करोड़ रुपए की आय हुई थी। इस साल जिले में देखा जाए तो डाक्यूमेंट की संख्या और आय दोनों में बढ़ोतरी हुई है।
विदिशा की इन प्राइम लोकेशन में सबसे ज्यादा दरें:
विदिशा में अनुपम मेगासिटी, बालाजी सिटी, साईं मंदिर के आसपास, मुखर्जीनगर, वेस्टर्न पार्क, टीलाखेड़ी काॅलोनी, मिर्जापुर रोड सहित कुछ नई लोकेशन पर सर्वाधिक 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का अनुमोदन केंद्रीय समिति को भेजा गया था। जिला पंजीयक क्षिप्रा सेन का कहना है कि जिला मूल्यांकन समिति के पास एक भी आपत्ति नहीं आई है। बढ़ी हुई दरें लागू कर दी गई हैं।
मार्च में ही 2028 दस्तावेजों का पंजीयन
जिला पंजीयक क्षिप्रा सेन ने बताया कि मार्च 2023 में ही 2028 दस्तावेजों का पंजीयन किया गया है। पिछले साल से इस बार 1650 दस्तावेज ज्यादा पंजीकृत हुए हैं। एक अप्रैल से बढ़ी दरों में दस्तावेजों का पंजीयन किया जाएगा।
2 बार हुईं बैठकें, हर बार दरें बढ़ाने का अनुमोदन
विदिशा में पहले उप जिला मूल्यांकन समितियों से प्रस्ताव मांगे गए। इसके बाद 7 और 13 मार्च को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक हुई। दोनों बैठकों में 330 लोकेशन पर 5 से 20 प्रतिशत तक प्रापर्टी की दरें बढ़ाने का अनुमोदन किया गया। इसमें शहरी इलाके की 109 और ग्रामीण क्षेत्रों की 221 लोकेशन शामिल हैं। 28 मार्च को केंद्रीय मूल्यांकन समिति ने जिला मूल्यांकन समिति के प्रस्तावों का अनुमोदन किया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.