पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमैडम प्लीज ! मेरी शादी करा दीजिए, लड़के वाले राजी नहीं हो रहे हैं। लड़का भी शादी के डर से कहीं चला गया है। ये शब्द थे 20 साल की प्रीति सिंह के। वह शादी करवाने की गुहार लगाने सिंगरौली जिले के सरई थाना के ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क में पहुंची थी। प्रीति की बात सुनने के बाद पुलिस एक्शन में आई और लड़के पर नजर रखना शुरू कर दिया। जैसे ही लड़का अपने घर लौटा, पुलिस उसे फोन कर थाने बुला ली। मंगलवार को थाने में ही बने मंदिर में दोनों की शादी करवाकर उन्हें विदा कर दिया। पुलिस ने हिदायत दी कि अच्छे से रहना, किसी भी प्रकार से विवाद की बात सुनाई नहीं देनी चाहिए।
ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क संचालक पुष्पा गिरी ने बताया कि उनके पास पिछले महीने 20 साल की प्रीति पिता रणबहादुर सिंह आई थी। वह अपनी शादी कराने की बात कह रही थी। लड़की का कहना था कि उसका 21 साल के प्रदीप पुत्र बालक सिंह निवासी पोड़ी से दो साल से प्रेम संबंध है। पिछले महीने उसने शादी करने को कहा तो यह बात उसके घरवालों तक पहुंची।
परिवारवालों ने इस शादी से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, शादी करने के डर से लड़का भी दूसरे शहर चला गया। लड़की को जल्द शादी कराने का आश्वासन देकर वापस घर भेजा। लड़के की तलाश करने के साथ ही उसके घर पर भी नजर रखने को कहा। कुछ दिन पहले ASI पुष्पा को पता चला कि लड़का अपने घर आया है। इस पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी संतोष तिवारी को दी। उनकी अनुमति के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। लड़के पक्ष को समझाया गया और थाने पर ही मौजूद मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.