पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमध्यप्रदेश में होने वाले उपचुनाव में मिस्टर इंडिया की एंट्री हो गई है। पृथ्वीपुर की चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंची पूर्व CM उमा भारती ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को मिस्टर इंडिया बताया है। उन्होंने कमलनाथ सरकार को गिराने की वजह बनाते हुए कहा कि वे 15 महीने दिखे ही नहीं, इसलिए हमारा धर्म हो गया था कि सरकार को गिरा दें।
उमा ने कहा, पृथ्वीपुर विधानसभा राम राज्य से वंचित न हो... ध्यान रखिएगा.. गलती मत करिएगा.. चूकिएगा मत... कमल का बटन दबाएं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां डेढ़ साल का ब्रेक आया, जब कांग्रेस की सरकार बनी। तब हालात यह हो गए कि लोग त्राहिमाम कर उठे, क्योंकि लोगों को ऐसे मुख्यमंत्री और मंत्री की आदत थी जो उनके दरवाजे पर हाथ जोड़कर खड़े होते थे।
डेढ़ साल में ऐसा मुख्यमंत्री मिला कि जो मिस्टर इंडिया था... कभी दिखता ही नहीं था, इसलिए उस सरकार को गिराना हमारा धर्म हो गया था।
राम मंदिर का जिक्र किया
राम मंदिर के निर्माण में आपकी बहुत बड़ी भूमिका रही। मेरी कोई हैसियत ही नहीं। मेरे पीछे आपकी ताकत थी। भव्य शिलान्यास हुआ, अब भव्य मंदिर का निर्माण होते हम देखेंगे। अब राम राज्य का निर्माण होते हुए देखना चाहते हैं। पृथ्वीपुर विधानसभा को राम राज्य से वंचित नहीं होना चाहिए... ध्यान रखिएगा.. गलती मत करिएगा... स्वर्ण मृग के कारण सीता का हरण हुआ था और वह लंका में कैद होकर रह गई थीं... इसको भूलिएगा मत।
पूर्व मंत्री नायक की हत्या को दिलाया याद
उमा ने मंत्री सुनील नायक की हत्या को याद दिलाते हुए कहा- सुनील नायक जो गरीबों का मसीहा था, गरीबों के लिए लड़ता था और जिस तरह से मारा गया। यदि आप भूल गए तो आप बहुत बड़े पाप के भागीदार बनेंगे। सुनील मेरे बहुत बड़े सहयोगी थे, उन्हें चुनाव के दिन मार डाला गया। इसलिए मैंने अनीता भाभी की राय मांगी, क्योंकि अनीता भाभी का आशीर्वाद जरूरी है।
दरअसल, पूर्व मंत्री नायक की 2008 में चुनाव के दौरान हत्या कर दी गई थी। 2013 में सुनील नायक की पत्नी अनीता नायक ने पृथ्वीपुर विधानसभा से चुनाव लड़ा और बृजेंद्र सिंह राठौर को हराया था।
उमा भारती और केशव मौर्य कल रैगांव में
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को गुलुआ पवैया में भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी आमा गांव में बागरी के लिए वोट मांगेंगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.