पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनगर नगरीय चुनाव में पार्षदों का निर्वाचन होने के बाद से नगर पालिका और नगर परिषदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए दावेदारों में होड़ मची हुई थी। दावेदार अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने में लगे हुए थे। जोड़तोड़ की राजनीति चल रही थी। शुक्रवार को सागर जिले की रहली नगर पालिका और राहतगढ़ नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए।
इसमें रहली नगर पालिका में निर्विरोध अध्यक्ष देवराज सोनी को चुना गया है। रहली अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा का यूथ फैक्टर चला है। यहां अध्यक्ष पद के तीन दावेदार थे। इनमें देवराज युवा थे। देवराज पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव के समर्थक और मंत्री पुत्र के करीबी माने जाते हैं। उन्हें सर्वसहमति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया चल रही है।
उधर, राहतगढ़ नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। अध्यक्ष पद पर निर्विरोध प्रियंका गोलू राय को निर्वाचित किया गया है। यहां अध्यक्ष पद के दो दावेदार थे। लेकिन भाजपा ने रायशुमारी कर प्रियंका राय को निर्विरोध अध्यक्ष बनाने का तय किया। बताया जा रहा है कि यहां अध्यक्ष पद के लिए बंटवारा हुआ है। पहले ढाई साल प्रियंका राय अध्यक्ष रहेंगी। उसके बाद ढाई साल शिल्पा अमित राय अध्यक्ष बनेंगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.