पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसागर जिले के खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम कुलवाई में चोरों ने मकान में सेंध लगाई। चोरों ने वारदात का नया तरीका अपनाते हुए मकान के दरवाजों में छेदकर कुंडी खोलकर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात कीमती करीब 7 लाख रुपए लेकर भागे। वारदात सामने आने पर मकान मालिक ने थाने में शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वारदात 11-12 सितंबर की रात की है।
सूचना के अनुसार फरियादी महेंद्र पुत्र रामजी सिंह ठाकुर निवासी कुलवाई का बीना-खुरई मार्ग पर दो मंजिला मकान है। दूसरी मंजिल के कमरे में गृहस्थी का सामान और जेवरात रखे हुए थे। वारदात की रात महेंद्र खाना खाने के बाद परिवार के साथ सो रहे थे। सुबह करीब 4.30 बजे पत्नी सोकर उठी और झाडू लगा रही थी। तभी घर के आंगन में गहनों के बॉक्स पड़े थे। उन्होंने तुरंत पति महेंद्र को सूचना दी। महेंद्र ने उठकर कमरे देखे तो सोने-चांदी के गहने गायब थे और बॉक्स व सूटकेस आंगन में पड़ा था। मामले में तुरंत खुरई ग्रामीण थाना को सूचना दी। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
दरवाजे में छेदकर चोरों ने लगाई सेंध
चोरों ने पीछे के दरवाजे में छेद किया। इसके बाद अंदर से लगी कुंडी को खोल लिया। अंदर आने के बाद चोर दूसरी मंजिल पर गए। वहां भी चोरों ने दरवाजे में छेदकर कुंडी खोली और गहने लेकर फरार हो गए।
वारदात में घर से ये गहने हुए चोरी
फरियादी महेंद्र ने शिकायत में बताया कि चोर घर में रखा 3 तोला सोने का मंगलसूत्र, 4 सोने की चूड़ी, रानीहार, 2 माला, पंचाली, 2 जोड़ी झुमकी, कंचड़ी, 2 अंगूठी, कान के कुंडल, 8 सोने के गुरिया कीमती करीब 6.50 लाख रुपए और 5 जोड़ी चांदी की पायल, 1 सिक्का, 5 बिछड़ी, संतान साते की चूड़ी कीमती करीब 55 हजार रुपए कुल कीमती 7.05 लाख रुपए का सामान लेकर चोर फरार हुए है। फरियादी ने कहा कि चोरी में गए गहने सामने आने पर उनकी पहचान कर लूंगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.