पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंछतरपुर में बदमाशों इतने बेखौफ हो गए हैं कि खुलेआम फायरिंग कर रहे हैं। गुरुवार रात को दाे बाइक सवार बदमाशों ने दो घरों में फायरिंग की। पहले बस ऑनर के घर के बाहर 5 फायर किए और दो लाख रुपए की मांग की। इसके बाद एक और घर में पहुंचे, जहां 6 राउंड फायर कर रुपए देने को कहा। इसका वीडियो अब सामने आया है। दोनों ही मामले में सीटीवी के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बसारी दरवाजा, नूरानी मस्जिद के पीछे गवालमंगरा तालाब के पास बदमाशों ने हवाई फायर किया। बाइक सवार दो बदमाश आए और वारदात को अंजाम दिया। सूचना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस सहित SDOP देर रात मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर 3 कारतूस मिले हैं। दीवार पर भी गोली लगने के निशान हैं। बदमाशों की यह दहशतगर्दी CCTV कैमरे में कैद हो गई।
बस ऑनर के घर फायरिंग
बस ऑनर जावेद अख्तर का कहना है कि मोनू नामक युवक कई दिनों से फिरौती की मांग कर रहा है। मैंने मना किया तो उसने गुुरुवार रात घर पर 5 बार फायरिंग की। फायर के बाद धमकाते हुए आवाज लगाई कि कल तक 2 लाख रुपए नहीं मिले, तो जान से मार दूंगा। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि मोनू एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर आया था। फुटेज में साफ नहीं दिख रहा, इसलिए अज्ञात आरोपी के नाम पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
एक के बाद एक 6 फायर
दूसरा मामला शहर के बेनीगंज मोहल्ले का है, जहां अब्दुल सोहिल के घर पर रात करीब 11.50 बजे गोली चली। घरवालों ने खिड़की से झांककर देखा तो माेनू अपने साथी के साथ फायर करते हुए नजर आया। इन्होंने घर पर 6 फायर किए। 30 दिसंबर को भी इन्होंने फायरिंग की थी। अब तक दो बार ये फायर कर चुके हैं। CCTV और टाइमिंग के अनुसार यह दोनों जगह फायरिंग 25 से 30 मिनट के भीतर हुई है।
पुलिस बोली - जल्द करेंगे गिरफ्तार
एसपी सचिन शर्मा का कहना है कि दोनों मामलों में सिटी कोतवाली में FIR दर्ज हो गई है। गैंगवार जैसी बात नहीं लग रही है। सिर्फ हवाई फायर किए गए हैं। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपियों को तलाश रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.