पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंछतरपुर जिले में शीतलहर सितम ढा रही है। शनिवार को नौगांव का दिन का तापमान गिर कर 12.8 डिग्री पहुंच गया था, वहीं रविवार को तापमान में और गिरावट आई। रविवार को दिन का तापमान 12.7 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रात का पारा नौगांव में 2 डिग्री गिरकर 3.3 डिग्री रहा। वहीं खजुराहो में दिन का तापमान 16.6 और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाली रात को तापमान और नीचे जाने की उम्मीद है। जबकि रात और दिन का तापमान आने वाले दो तीन दिनों तक पूर्ववत रहने की उम्मीद है। रविवार को भी दिन भर सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। पिछले 20 दिनों से छतरपुर जिले में लगातार कोल्ड डे चल रहा है। पूरा जिला बर्फीली ठंड से कांप रहा है। शनिवार को शीतलहर ने जमकर कहर बरपाया, रविवार को उम्मीद के विपरीत पारा और भी नीचे पहुंच गया। बीते 28 दिसंबर से दिन का तापमान 20 डिग्री व उससे कम चल रहा है। उत्तर भारत में हो रही बर्फवारी के साथ मालवा इंदौर क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि का असर पूरे बुंदेलखंड में देखने को मिल रहा है। उत्तरी पूर्व बर्फीली हवा आ कर ठंड बढ़ा रही हैं। शाम होते ही घना कोहरा छा रहा है, पूरी रात घना कोहरा रहता है, कोहरा सुबह करीब 9 -10 बजे तक रहता है। रविवार को शाम करीब 5 बजे से सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर गया। दुकानों में दुकानदारों के अलावा ग्राहक नजर नहीं आए।
चना और मटर की फसल पर मंडराया पाला लगने का खतरा, किसान चिंतित
दिन में धूप न निकलने, दिन का पारा तेजी से नीचे पहुंचने और अब रात का पारा भी 3 डिग्री तक पहुंच जाने से किसानों की चिंता फिर बढ़ गई है। नौगांव के किसान पुष्पेंद्र यादव, देरी के दौलत सिंह, सौंरा के अयोध्या प्रसाद पटेल का कहना है कि दिन में धूप नहीं निकलने, रात में भयंकर ठंड होने से अब चना और मटर में पाला लगने का खतरा बढ़ गया है। पहले प्रकृति ने भारी बारिश ओलावृष्टि से नुकसान कर दिया, अब पाला का खतरा सामने मंडराने लगा है।
सीएमएचओ बोले- गर्म कपड़ों से ढंकें शरीर
सीएमएचओ डाॅ. विजय पथौरिया का कहना है कि यह ठंड बहुत खतरनाक है। इस मौसम में सावधानी जरूरी है। पूरा शरीर गर्म कपड़ों से ढंक कर रखें, कान बंद रखें, पैरों में मोजे पहनें। आग से हाथ सेंकें। बुजुर्ग और बच्चे घर से बाहर न निकलें। ठंडी तासीर का भोजन व खाद्य पदार्थ न खाएं। गर्म भोजन करें। कोई भी तकलीफ समझ में आने पर डॉक्टर की सलाह लें।
मौसम वैज्ञानिक बोले : सर्दी ने तोड़े तीन दशक के रिकाॅर्ड
भोपाल के मौसम वैज्ञानिक डीजी मिश्रा ने बताया कि नौगांव का तापमान छतरपुर जिले में सबसे कम रहता है लेकिन इस बार यहां ठंड ने रिकार्ड बना लिया है। उन्होंने बताया कि रविवार को 30 साल बाद नौगांव का दिन का तापमान 12.7 डिग्री पहुंचा है। शनिवार को दिन का तापमान 12.8 डिग्री था। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
मंगलवार तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग कार्यालय खजुराहो के राजेंद्र सिंह परिहार और नौगांव के केसी रैकवार ने बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों में यही हाल रहेगा। 20 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। अभी दो दिनों रात और दिन का पारा यही रहेगा, हां रात का पार और नीचे जा सकता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.