पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें'गुरु माफ करना आपका चेला कमजोर पड़ गया। मैं जा रहा हूं, अब जीने की इच्छा नहीं है।'... अपने आखिरी वीडियो में ये बात कहकर पन्ना के कपड़ा व्यापारी ने पत्नी के सीने में गोली मार दी। फिर खुद को शूट कर सुसाइड कर लिया। ये वीडियो व्यापारी के परिजनों ने उनकी फेसबुक आईडी से शेयर किया है।
शनिवार को पन्ना जिले के कपड़ा व्यापारी संजय सेठ ने अपने ही घर में पत्नी मीनू सेठ को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली थी। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें व्यापारी ने कर्जदारों के नाम लिखे थे।
व्यापारी ने खुदकुशी से पहले दो वीडियो भी बनाए। जिसमें संजय कह रहे हैं- 'गुरु माफ करना आपका चेला कमजोर पड़ गया। आप बहुत शक्तिशाली हैं। आप सनातन की अलख जलाते रहना। मैं जा रहा हूं, अब जीने की इच्छा नहीं है। जो भी मेरी बेटी की शादी करे, धूमधाम से करना। मेरे और मेरी पत्नी के अकाउंट में लगभग 29 लाख रुपए हैं। बेटी की शादी में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। कर्जदार पैसे दे देंगे, बेटी की शादी में 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक खर्च करना। सब लोग मुझे माफ कर देना।'
पंडित धीरेंद्र शास्त्री को मानते थे गुरु
व्यापारी संजय ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री को गुरु माना था। संजय सोशल मीडिया पर भी धीरेंद्र शास्त्री की फोटो अपलोड कर उन्हें गुरु कहकर संबोधित करते थे। इसी आधार पर परिजन मान रहे हैं कि संजय ने वीडियो में भी धीरेंद्र शास्त्री को ही गुरु कहा है।
सुसाइड नोट में बनाई कर्जदारों के नाम की लिस्ट
संजय ने सुसाइड नोट में कर्जदारों के नाम भी बताए। जिसमें उन्होंने लिखा कि किस कर्जदार से कितने पैसे लेना हैं। उन्होंने इन कर्जदारों के मोबाइल नंबर भी लिखे। संजय ने वीडियो में यह भी बताया कि कौन आसानी से पैसे दे देगा और कौन सालों से पैसे देने में आनाकानी कर रहा है। आखिर में संजय ने कर्जदारों के लिए कहा कि मेरे बेटे-बेटी के लिए पैसे दे देना। टीआई अरुण कुमार सोनी ने बताया कि सुसाइड नोट में संजय सेठ ने स्वेच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। मामले में बारीकी से जांच की जा रही है।
प्रतिष्ठित व्यापारी का छोटे बेटे थे संजय
संजय पन्ना शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी स्वर्गीय रतन सेठ के छोटे बेटे थे और उनका कपड़ों का कारोबार है। बताया जा रहा है कि संजय ने अपने ही नाम से लाइसेंसी बंदूक ले रखी थी, हालांकि पुलिस का कहना है कि इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। संजय के एक बड़े भाई पप्पू सेठ भी हैं। जिनकी कपड़े की दुकान घर के समीप साईं मंदिर के सामने है। जबकि संजय पंचम सिंह चौराहे पर स्थित अपनी दुकान को संचालित करते थे। उनका नाम नगर के प्रतिष्ठित व्यापारियों में शुमार था। संजय का एक बेटा अथर्व और बेटी राशि भी हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.